बरेली: ज्यादा लोड वाले ट्रांसफार्मरों की बढ़ेगी क्षमता, 159 चिन्हित
अमृत विचार, बरेली। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गर्मी में बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पावर कारपोरेशन ने ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग शुरू की है। इसके तहत कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को चिन्हित भी किया जा रहा है। …
अमृत विचार, बरेली। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गर्मी में बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पावर कारपोरेशन ने ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग शुरू की है। इसके तहत कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को चिन्हित भी किया जा रहा है।
विभाग ने ऐसे 159 ट्रांसफार्मर चिन्हित कर लिए है। साथ ही जर्जर तार और खंभे भी बदला गया है। पिछले साल समीक्षा बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने अधिकारियों को ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग की समस्या से निजात दिलाने के निर्देश दिए थे।
मंत्री के निर्देश के बाद विभाग ने ओवरलोड ट्रांसफार्मरों का चिन्हीकरण शुरू किया। देहात क्षेत्र के 159 ट्रांसफार्मरों को चिन्हित किया गया है। इन ट्रांसफार्मरों पर जरूरत से ज्यादा लोड है। यही वजह है कि गर्मी में ये ट्रांसफार्मर बार-बार फुंकते रहते हैं।
अभियान के तहत अधिक लोड वाले ट्रांसफार्मर बदले जा चुके हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। लोड बैलेंसिंग होने से इन इलाकों के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि अभी कुछ और ट्रांसफार्मरों पर लोड का आकलन कर उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी।
‘सौभाग्य’ से बढ़े दो लाख उपभोक्ता
हर घर रोशन करने के लिए चलाई गई सौभाग्य योजना से बिजली कनेक्शनों की संख्या काफी बढ़ी है। 1.36 लाख नए उपभोक्ता देहात में और करीब 82 हजार शहरी क्षेत्र में बढ़े हैं। उपभोक्ता बढ़ने से बिजली की मांग में भी उछाल आया है। इसकी तुलना में देहात क्षेत्र में संसाधनों की क्षमता नहीं बढ़ पाई।
ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर बार-बार फुंकने वाले देहात के ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर क्षमता वृद्धि करने का काम शुरू किया गया। सभी ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ा दिया गया है। इससे गर्मी में ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
-तारिक जलील, अधीक्षण अभियंता (देहात)
