रामपुर जा रहीं प्रियंका गांधी का काफिला आपस में टकराया, कोई घायल नहीं
रामपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान मारे गए किसान के परिजनों को सांत्वना देने रामपुर जा रही हैं। वह गुरुवार सुबह अपनी कार से दिल्ली से रामपुर के लिए रवाना हुईं। वहीं प्रियंका गांधी के काफिले में चल रही कारें हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में नेशनल हाईवे-9 …
रामपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान मारे गए किसान के परिजनों को सांत्वना देने रामपुर जा रही हैं। वह गुरुवार सुबह अपनी कार से दिल्ली से रामपुर के लिए रवाना हुईं। वहीं प्रियंका गांधी के काफिले में चल रही कारें हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में नेशनल हाईवे-9 फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई। गनीमत यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ और काफिला तत्काल आगे बढ़ गया। प्रियंका के काफिले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सिंह भी मौजूद हैं।

इसके बाद दूसरा ऐसा ही हादसा मुरादाबाद के पास हो गया। यहां भी प्रियंका गांधी के काफिले की गाड़ी किसी अन्य गाड़ी से भिड़ गई। तेज रफ्तार की वजह से तीन अन्य गाड़िया आपस में टकरा गईं। किसी के चोटिल या हताहत होने की खबर नहीं है।
वहीं प्रियंका गांधी का जिला कांग्रेस द्वारा जोया टोल प्लाजा पर स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन के प्रति सजग सतर्क एव सहयोग रखने का मंत्र कांग्रेसियों को दिया।

मृतक किसान के परिवार से मिलेंगी प्रियंका
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया, ‘हमें पता चला है कि नवरीत सिंह जो कनाडा से आए थे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। ट्रैक्टर रैली के दौरान उन पर पुलिस की गोली चलाई और उनकी जान चली गई। प्रियंका गांधी रामपुर में आज उनके परिवार से मिलेंगी।’
ट्रैक्टर रैली में हुई थी किसान की मौत
बता दें कि 26 जनवरी को दिल्ली में हुई ट्रैक्टर रैली के दौरान किसान नवरीत सिंह की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया था कि किसान की मौत ट्रैक्टर पलटने से हुई। पुलिस ने इसका सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया था। हालांकि नवरीत के परिजनों ने पुलिस के इस दावे को खारिज किया था। नवरीत के परिजनों का कहना था कि उसकी मौत गोली लगने से हुई।
