बरेली: सड़क हादसे में रोजाना एक की मौत दुर्भाग्यपूर्ण
अमृत विचार, बरेली। प्रतिदिन सड़क हादसों में कम से कम एक व्यक्ति की मृत्यु होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वर्ष 2020 में कुल 346 लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हुई है। इसलिए सभी स्वयंसेवक यातायात के नियमों के प्रति स्वयं जागरूक हों और अन्य लोगों को जागरूक करें। ये बातें मुख्य अतिथि एसपी ट्रैफिक राम मोहन …
अमृत विचार, बरेली। प्रतिदिन सड़क हादसों में कम से कम एक व्यक्ति की मृत्यु होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वर्ष 2020 में कुल 346 लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटना में हुई है। इसलिए सभी स्वयंसेवक यातायात के नियमों के प्रति स्वयं जागरूक हों और अन्य लोगों को जागरूक करें। ये बातें मुख्य अतिथि एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बरेली कॉलेज में एनएसएस छात्र इकाई प्रथम के शिविर के दौरान कहीं।
उन्होंने स्वयंसेवकों और छात्रों को यातायात नियमों के तहत लगने वाले जुर्माने के बारे में भी जानकारी दी। शनिवार को शिविर में विशिष्ट अतिथि बरेली कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने स्वयंसेवकों को बताया कि सभी राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम को अपनाते हुए ही स्वरोजगार व स्वावलंबन के मार्ग पर बढ़ सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक यातायात राम मोहन सिंह ने छात्र-छात्राओं व स्वयंसेवकों को बताया कि सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। सभी स्वयंसेवकों को बिना हेलमेट के अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए। यातायात पुलिसकर्मी किसी भी वाहन चालक के बिना हेलमेट अथवा बिना सीट बेल्ट के मिलने पर स्वत: ही चालान करते हैं।
यह चालान उसके मोबाइल नंबर अथवा ईमेल पर भेज दिया जाता है। उन्होंने मोटर व्हीकल संशोधन बिल 2019 के विषय में बताया कि अब शराब पीकर गाड़ी चलाने पर ₹10 हजार रुपये, तेज गाड़ी चलाने पर 5 हजार रुपये और एंबुलेंस को रास्ता न देने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। ₹इसके अलावा कई अन्य नियम तोड़ने पर भी अधिक जुर्माना वसूला जाता है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से एम परिवहन एप डाउनलोड करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. एपी सिंह, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. पीके सिंघल, कार्यक्रम अधिकारी असिस्टेंट प्रोफेसर बॉटनी डॉ. राजीव यादव और स्वयंसेवक शिवम दिवाकर, नितेश कश्यप, वेद प्रकाश, उमेश कुमार, अमन, नैतिक सक्सेना, जीशान अहमद, अंकित सिंह परमार, सूरज शर्मा, अनिल गंगवार, अरुण कुमार, योगेश कुमार ट्राउंस, शिवम दिवाकर, हरेंद्र कुमार, रवि वर्मा, धर्मवीर, राजेंद्र कुमार, हरिओम, मुलायम सिंह, बृजेश आदि मौजूद रहे।
