लोगों को ममता से ‘ममता’ की उम्मीद थी लेकिन ‘निर्ममता’ मिली: मोदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्दिया (पश्चिम बंगाल)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में केंद्र की कई योजनाओं को लागू नहीं करने के लिए रविवार को ममता बनर्जी सरकार की आलोचना की और कहा कि लोग उनसे ‘ममता’ दिखाने की उम्मीद कर रहे थे लेकिन उन्हें ‘निर्ममता’ मिली। राज्य में अपनी पहली रैली में मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार …

हल्दिया (पश्चिम बंगाल)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में केंद्र की कई योजनाओं को लागू नहीं करने के लिए रविवार को ममता बनर्जी सरकार की आलोचना की और कहा कि लोग उनसे ‘ममता’ दिखाने की उम्मीद कर रहे थे लेकिन उन्हें ‘निर्ममता’ मिली।

राज्य में अपनी पहली रैली में मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए उस पर ”भ्रष्टाचार एवं कुशासन” के आरोप लगाए और कहा कि सत्तारूढ़ दल ने पिछले दस वर्षों में ”कई बेइमानियां” कीं जिस कारण लोगों ने उन्हें सत्ता से हटाने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा, ”बंगाल ममता बनर्जी से ‘ममता’ की उम्मीद कर रहा था लेकिन उसे पिछले दस वर्षों में ‘निर्ममता’ मिली… टीएमसी सरकार राज्य में वामपंथी मोर्चा के कुशासन का महज पुनर्जन्म है।”

प्रधानमंत्री ने यहां तेल व गैस क्षेत्र की कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को देश को समर्पित किया। इनमें सरकारी कंपनी गेल द्वारा निर्मित महत्वाकांक्षी 348 किलोमीटर की डोभी-दुर्गापुर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन भी शामिल है। उन्होंने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री उर्जा गंगा परियोजना के तहत देश भर में गैस पाइपलाइन बिछाने के अलावा, प्राकृतिक गैस की कीमत को कम करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने पोर्ट कनेक्टिविटी राजमार्ग परियोजना के हिस्से के रूप में हल्दिया के रानीचक में चार लेन के रोड ओवरब्रिज के अलावा भारत पेट्रोलियम के एक एलपीजी आयात टर्मिनल का भी उद्घाटन किया।

उन्होंने हल्दिया रिफाइनरी में आईओसी की दूसरी उत्प्रेरक डीवैक्सिंग इकाई की आधारशिला भी रखी। मोदी ने कहा, ”गैस आधारित आर्थिक प्रणाली भारत की जरूरत है और ‘वन नेशन, वन गैस ग्रिड’ इस आवश्यकता को पूरा करने के लिये एक महत्वपूर्ण परियोजना है।” उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के अलावा डोभी- दुर्गापुर गैस पाइपलाइन से झारखंड और बिहार के 10 जिलों को फायदा होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि कहा, ”जब वह मातृभूमि की जयकार के नारे सुनती हैं तो गुस्सा हो जाती हैं। जब आप अपने अधिकार मांगते हैं तो वह गुस्सा हो जाती हैं। जब देश की छवि खराब करने के षड्यंत्र रचे जाते हैं तो वह चुप रहती हैं।” उन्होंने कहा, ”कुछ षड्यंत्रकारी चाय एवं योग से जुड़ी भारत की छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। दीदी ने क्या इन षड्यंत्रकारियों के खिलाफ कुछ भी बोला? देश इस षड्यंत्र के खिलाफ पूरे ताकत से जवाब देगा।”

तृणमूल कांग्रेस पर राजनीति का अपराधिकरण करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाने का विश्वास जताया। प्रधानमंत्री ने कहा, ”बंगाल के लोगों ने अगले विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में राज्य में सभी केंद्रीय योजनाओं को लागू करने का निर्णय किया जाएगा।”

रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में हिमखंड टूटने की घटना से प्रभावित चमोली जिले में बचाव एवं राहत कार्य पूरी तत्परता से चल रहा है और पूरा देश, उत्तराखंड के लोगों के लिये प्रार्थना कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ”आज हम मां गंगा के एक छोर पर हैं, लेकिन जो मां गंगा का उद्गम स्थल है, वो राज्य उत्तराखंड इस समय आपदा का सामना कर रहा है।”

मोदी ने कहा, ”मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, देश के गृहमंत्री और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के अफसरों के निरंतर संपर्क में हूं।” उन्होंने कहा कि वहां पर राहत और बचाव का कार्य चल रहा है और प्रभावित लोगों की मदद का हर प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के लोगों की जुझारू भावना की सराहना की और कहा कि पूरा देश उनके लिये प्रार्थना कर रहा है।

संबंधित समाचार