बरेली: निर्माणाधीन लालफाटक ओवरब्रिज पर जिंदगी बनी नरक
अमृत विचार, बरेली। निर्माणाधीन लालफाटक ओवरब्रिज के पास लोगों की जिंदगी नरक बन गई है। दिनभर दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगा रहता है। हवा के साथ उड़ रही धूल बीमारियों को जन्म दे रही है। दुकानदारों का कारोबार खत्म हो गया है। धूल-मिट्टी उड़कर खाद्य सामग्रियों में पहुंच रही है। सोमवार दोपहर लालफाटक पर …
अमृत विचार, बरेली। निर्माणाधीन लालफाटक ओवरब्रिज के पास लोगों की जिंदगी नरक बन गई है। दिनभर दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगा रहता है। हवा के साथ उड़ रही धूल बीमारियों को जन्म दे रही है। दुकानदारों का कारोबार खत्म हो गया है। धूल-मिट्टी उड़कर खाद्य सामग्रियों में पहुंच रही है।
सोमवार दोपहर लालफाटक पर हालात बेहद खराब रहे। आधे घंटे तक लगे जाम में फंसने से राहगीर परेशान हो गए। काफी दूर तक वाहनों की कतार लगी रही। दोनों रेलवे क्रॉसिंग से ट्रेन गुजरने के दौरान यातायात की स्थिति और बिगड़ जाती है। बेतरतीब वाहनों के दोनों साइडों से दौड़ने से लगने वाला जाम हर किसी को परेशान कर देता है।
स्थानीय लोगों ने कई बार अधिकारियों से जाम से मुक्ति दिलाने की मांग की लेकिन अधिकारी हालात सुधरवाने के लिए कोई इंतजाम नहीं कर पा रहे हैं। एक होमगार्ड के हवाले यातायात व्यवस्था है। लालफाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए दोनों रेलवे क्रॉसिंग को स्थानांतरित करने के बाद से यातायात की स्थिति और खराब हुई है।
दो सौ मीटर के दायरे में निर्माण सामग्री पड़ी है। गड्ढे भी खुदे हैं। क्रासिंग तक पहुंचने के लिए जो सड़कें बनाई गई हैं वे भी ऊंची हैं। इससे सड़क के दोनों तरफ खाई भी बनी है। लालफाटक ओवरब्रिज वर्ष 2016 से बन रहा है लेकिन सेतु निगम की लापरवाही से लोग फजीहत झेल रहे हैं। सेतु निगम और रेलवे के अधूरे कार्य से लोगों को अभी सालभर तक और दुश्वारियां झेलनी पड़ेंगी।
