बरेली: 25 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए छह मार्ग चयनित
अमृत विचार, बरेली। इलेक्ट्रिक बसों के लिए स्वाले नगर में चार्जिंग स्टेशन के साथ बस अड्डा भी बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब 50 की जगह शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी जिसका आवंटन कर दिया गया है। इसके लिए नगर आयुक्त और परिवहन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त संचालन समिति …
अमृत विचार, बरेली। इलेक्ट्रिक बसों के लिए स्वाले नगर में चार्जिंग स्टेशन के साथ बस अड्डा भी बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब 50 की जगह शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी जिसका आवंटन कर दिया गया है। इसके लिए नगर आयुक्त और परिवहन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त संचालन समिति बनाई गई है।
समिति ने पहले प्रस्तावित नौ मार्गों में परिवर्तन करते हुए छह रूटों का निर्धारण किया है। अब हजियापुर की जगह चार्जिंग स्टेशन परिसर में ही बस अड्डे का निर्माण पीपीपी मॉडल में किया जा रहा है। शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों के लिए 19 करोड़ रुपये की लागत से चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है।
6840 वर्गमीटर में बनाए जा रहे चार्जिंग स्टेशन को कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को जिम्मेदारी दी गई है। करीब 19.58 करोड़ रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल, शेड समेत अन्य काम किया जा रहा है। यहां एक साथ 16 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। ये बसें 56 सीटों की होंगी। इन्हें छह मार्गों पर चलाया जाएगा।
ये हैं नये मार्ग जिन पर चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
कुआंडांडा से श्यामगंज वाया बिथरी चैनपुर, जाट रेजीमेंट सेंटर, नरियावल
सुभाष नगर से थाना बारादरी वाया चौपुला, आईवीआरआई रोड, जनकपुरी, मॉडल टाउन
श्यामगंज से फरीदपुर वाया पीएसी गेट, रजऊ, मानस स्थली स्कूल
रेलवे जंक्शन से श्यामगंज, सेटेलाइट, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी, रिठौरा
रेलवे जंक्शन से वाया कचहरी, चौपुला, सीबीगंज आईटीआई, रबर फैक्ट्री
रेलवे जंक्शन से पटेल चौक, चौपुला चौराहा, मिनी बाईपास, इज्जत नगर, भोजीपुरा
स्वाले नगर में चार्जिंग स्टेशन के साथ ही बस स्टेशन का भी निर्माण किया जाएगा। 25 बसों के संचालन की हरी झंडी मिल गई है। इसी साल से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। -संजय सिंह चौहान, जीएम स्मार्ट सिटी लिमिटेड
