बरेली: शहर के विकास को 25 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मंजूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शहर के विकास के लिए 15वें वित्त आयोग की बैठक में करीब 25 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर अफसरों ने मुहर लगाई। इसमें सबसे अधिक बजट पेयजल, सीवर और सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बजट रखा गया है। अभी पेयजल से वंचित इलाकों में पाइप लाइन डालने के लिए बजट आवंटित किया …

अमृत विचार, बरेली। शहर के विकास के लिए 15वें वित्त आयोग की बैठक में करीब 25 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर अफसरों ने मुहर लगाई। इसमें सबसे अधिक बजट पेयजल, सीवर और सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बजट रखा गया है। अभी पेयजल से वंचित इलाकों में पाइप लाइन डालने के लिए बजट आवंटित किया गया है। तालाबों के पुनरुद्धार के साथ शहर के चार जोनों में 48 शौचालय बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है जबकि बन्नू वाल कालोनी के सड़क मरम्मत के लिए आवंटित धन 258 करोड़ रुपये के विवाद को देखते हुए निरस्त कर दिया।

मंगलवार को करीब 4 बजे मेयर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग की बैठक हुई। इसमें नगर आयुक्त अभिषेक आनंद के साथ शहर के विकास के लिए अफसरों के साथ मेयर ने बैठक में कई मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई जिसमें सड़क, नाला सहित कई निर्माणों कार्यों को तेजी से कराने की बात कही गई।

मेयर ने कहा कि शहर के विकास के लिए बजट दिया जा रहा है। इससे कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। गुणवत्ता के साथ कार्य होने चाहिए। अगर मौके के निरीक्षण में खामियां मिलीं तो कार्रवाई की जाएगी। इसमें सिटी श्मशान भूमि में विद्युत शवदाह गृह का निर्माण, डेलापीर चौराहे के सौंदर्यीकरण का काम, स्टेडियम रोड पर ईट पजाया चौराहे से डेलापीर तक सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण, डेलापीर चौराहे से आईवीआरआई रोड तक सड़क निर्माण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अजित कुमार सिंह, श्यामलता आनंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अशोक कुमार, मुख्य अभियंता बीके सिंह, एक्सईएन संजय सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में इन कार्यों के लिए आवंटित हुआ धन

  • चार जोन में 48 सामुदायिक शौचालयों के निर्माण को एक करोड़ रुपये
  • 500 व्यक्तिगत शौचालयों के लिए 60 लाख रुपये
  • नगरीय परीक्षित में एक ओवरहेड टैंक, 2 नलकूप और पाइप लाइन के लिए 2.5 करोड़ रुपये
  • शहर के अन्य क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइन डालने के लिए 2.50 करोड़ रुपये
  • गांधी उद्यान के पास गैराज पर वर्कशाप के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये
  • स्वचलित स्मार्ट कंपोस्टिंग मशीन के लिए 58 लाख रुपये
  • डेलापीर तालाब के कायाकल्प के लिए 2.98 करोड़ रुपये
  • नदोसी में सीएंडडी वेस्ट प्लांट के लिए 50 लाख रुपये
  • अक्षर विहार में वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट मशीन के लिए 47.20 लाख रुपये
  • डलावघरों में प्लास्टिक पैलेट्स की मशीन व शेड के लिए 38.71 लाख रुपये
  • सामुदायिक कम्पोस्टर की आपूर्ति के लिए 36 लाख रुपये
  • 9 स्थानों पर ढके हुए कूड़ा निस्तारण की जगह निर्माण के लिए 85 लाख रुपये
  • बांके बिहारी मंदिर ओवरहेड टैंक के लिए 1.5 करोड़ रुपये
  • पेयजल से वंचित कंजादासपुर में दो नलकूप के साथ 20 किलोमीटर पाइप लाइन के लिए 1.5 करोड़ रुपये
  • हजियापुर में एक संपवेल निर्माण के साथ पंप के लिए 2.14 करोड़ रुपये
  • संजय नगर संपवैल की मेन लाइन बदलने के लिए 33 लाख रुपये
  • शांति विहार में संपवैल निर्माण के लिए 40 लाख रुपये
  • डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए 100 रिक्शे खरीदने के लिए 21 लाख रुपये
  • विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये
  • पांच मिनी टिप्पर ट्रक क्रय 90 लाख रुपये
  • नाला सफाई मशीन के लिए 55 लाख रुपये
  • सीबीगंज नलकूप की मरम्मत के लिए 42 लाख रुपये
  • शील चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये
  • जुबली पार्क में नलकूप के लिए 55 लाख रुपये
  • लघु नलकूप के लिए 2.10 करोड़ रुपये

इन मदों में आवंटित हुए बजट (रुपये में)

  • पेयजल-सीवरेज 14.44 करोड़
  • सालिडवेस्ट मैनेजमेंट 2.26 करोड़
  • जल स्रोतों का पुनरुद्धार 2.98 करोड़
  • पर्यावरण सुधार 5.24 करोड़
    कुल बजट 24.93 करोड़
    15वें वित्त आयोग के 25 करोड़ रुपये के प्रस्तावों से शहर के विकास का खाका तैयार किया गया है। इसमें लोगों की मूलभूत सुविधाओं का ख्याल रखा गया है। जिन वार्डों में अभी तक पेयजल की व्यवस्था नहीं थी वहां पाइप लाइन डाली जाएगी। साथ ही कई जगहों की सड़कों और लोगों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। – डा. उमेश गौतम, मेयर

संबंधित समाचार