बरेली: कुलसचिव ने महाविद्यालयों के शिक्षकों की मांगी वरिष्ठता सूची
बरेली, अमृत विचार। महाविद्यालयों में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची के मामले को लेकर विश्वविद्यालय की कुलसचिव ने संज्ञान लिया है। कुलसचिव ने सभी महाविद्यालयों के प्रबंधकों व प्राचार्यों से 15 दिनों में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची उपलब्ध कराने को लेकर पत्र जारी किया है। कुलसचिव के आदेश के बाद बरेली कॉलेज समेत अन्य महाविद्यालयों के …
बरेली, अमृत विचार। महाविद्यालयों में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची के मामले को लेकर विश्वविद्यालय की कुलसचिव ने संज्ञान लिया है। कुलसचिव ने सभी महाविद्यालयों के प्रबंधकों व प्राचार्यों से 15 दिनों में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची उपलब्ध कराने को लेकर पत्र जारी किया है। कुलसचिव के आदेश के बाद बरेली कॉलेज समेत अन्य महाविद्यालयों के शिक्षकों में खलबली मच गई है क्योंकि सही सूची पहुंचने के बाद कई शिक्षकों की कुर्सी छिन जाएगी और उनके स्थान पर विभागों के दूसरे प्रभारी नियुक्त हो जाएंगे।
बरेली कॉलेज में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची को लेकर कई बार विरोध हो चुका है। कुछ दिनों पहले रूटा ने कुलपति को पत्र लिखकर कई मांगें रखी थीं जिनमें वरिष्ठता सूची की भी मांग थी। कुलसचिव ने सभी महाविद्यालयों के प्रबंधक व प्राचार्य को पत्र जारी किया है। इसके तहत विश्वविद्यालय से संबद्ध राजकीय व अनुदानित महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों की वरिष्ठता सूची निर्धारित प्रारूप में विश्वविद्यालय को सॉफ्ट व हार्ड कापियों में उपलब्ध कराने को कहा है।
कई महाविद्यालयों में शिक्षकों की अलग-अलग तरीके से वरिष्ठता सूची तैयार की गई है। इसकी वजह से वरिष्ठ शिक्षक होने के बावजूद उन्हें पद नहीं मिल सका। कुछ शिक्षकों ने दूसरे कॉलेज में पढ़ाने के रिकार्ड को भी शामिल किया है तो कुछ ने परमानेंट होने से पहले के रिकार्ड को भी शामिल किया है। इसे लेकर शिक्षकों में हमेशा विरोध रहता है। इसकी वजह से पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
