बरेली: वर्चुअल ट्रेनिंग से इटालियन क्विजीन सीखेंगे छात्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किसी भी डिश (भोजन) को पकाने का एक अलग ही तरीका होता है। डिश अच्छी तैयार कर ली जाए लेकिन उसे सही से न सजाया यानी परोसा जाए तो उसका महत्व कम हो जाता है। होटल इंडस्ट्री में इस पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही वजह है कि उसी शेफ की डिमांड …

बरेली, अमृत विचार। किसी भी डिश (भोजन) को पकाने का एक अलग ही तरीका होता है। डिश अच्छी तैयार कर ली जाए लेकिन उसे सही से न सजाया यानी परोसा जाए तो उसका महत्व कम हो जाता है। होटल इंडस्ट्री में इस पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही वजह है कि उसी शेफ की डिमांड होती है जो दोनों कला में निपुण होते हैं।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग विभाग के छात्रों को भी डिश को तैयार करने व उसे सजाने की कला की ट्रेनिंग दी जाएगी। देश-विदेश में काम कर चुके जयपुर के प्रसिद्ध शेफ अरविंद कुमार के द्वारा छात्रों को चार तरह के इटालियन क्विजीन की वर्चुअल ट्रेनिंग दी जाएगी। होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग विभाग के द्वारा 22 फरवरी को एक वर्कशॉप का लाइव आयोजन कराया जा रहा है। अभी तक विभाग के द्वारा सिर्फ वेबिनार आयोजित कराए गए हैं लेकिन यह पहला मौका होगा जब छात्रों को लाइव ट्रेनिंग दी जाएगी।

विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर दीपक नेगी ने बताया कि छात्रों को पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद अपना रोजगार करने या फिर किसी होटल में नौकरी के दौरान मदद के लिए वर्चुअल ट्रेनिंग की तैयारी की गई है। इसके लिए मणिपाल यूनिवर्सिटी के एसो. प्रोफेसर अरविंद कुमार से संपर्क किया गया है। वह इटालियन डिश तैयार करने के मास्टर हैं। वह यूएस में मेरियट ग्रुप में काम कर चुके हैं। वह यूएस के रायल कैरिबियन में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा भारत में ताज ब्लू डायमंड होटल में भी शेफ रहे हैं। वह मेरठ व एमेटी में भी पढ़ा चुके हैं।

अरविंद कुमार ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि इटालियन फूड की डिमांड काफी बढ़ती जा रही है। भारत में भी काफी मांग है। उन्होंने बताया कि डिश तैयार करना तो आसान है लेकिन उसे सजाना सबसे बड़ी चुनौती होती है। मौजूदा समय में लोगों के पास अधिक समय नहीं है। कई लोग जल्दी में होटल जाते हैं और जल्दी खाकर भी लौट जाते हैं लेकिन सजावट पर ज्यादा ध्यान देते हैं। लाइव सेशन के दौरान छात्रों को इटालियन ग्रीन लेंटिल इंटरनेशनल शूप, रेसोटो पिजा वेज-नॉनवेज, इटालियन राइस व स्वीट डिश बनाकर व सजाकर दिखायी जाएगी।

दीपक नेगी ने बताया कि कई वर्ष पहले पिजा की शॉप कचहरी पर खुली थी लेकिन तब कोई डिमांड नहीं थी लेकिन अब कई आउटलेट खुल गए हैं और वहां भीड़ भी लग रही है। छात्रों को लाइव सेशन के दौरान पिजा, इटालियन सूप समेत 4 तरह की डिश शुरू से तैयार करने और फिर उन्हें सजाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। लाइव सेशन के दौरान एक्सपर्ट के साथ-साथ करीब 100 छात्र ऑनलाइन शामिल होंगे।

संबंधित समाचार