लखनऊ: ‘अभ्युदय’ के लिए 22 घंटे में 11 लाख हिट, 97 हजार से अधिक पंजीकरण, जानें क्या है योजना
लखनऊ, अमृत विचार। अभ्युदय योजना के लिए 22 घंटे में 97 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके है। बता दें कि सिविल सेवा, नीट, जेईई, सीडीएस और एनडीए जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की राह दिखाने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘अभ्युदय’ योजना को लेकर प्रदेश के युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा …
लखनऊ, अमृत विचार। अभ्युदय योजना के लिए 22 घंटे में 97 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके है। बता दें कि सिविल सेवा, नीट, जेईई, सीडीएस और एनडीए जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की राह दिखाने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘अभ्युदय’ योजना को लेकर प्रदेश के युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है।
इसमें करीब 46 हजार से अधिक युवाओं ने केवल सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए पंजीयन कराया है। इनमें 5,833 अभ्यर्थी सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा और 965 युवा सिविल सेवा साक्षात्कार की तैयारी के इच्छुक हैं। साथ ही मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के लिए 4000 से अधिक और जेईई के लिए 2500 युवाओं ने पंजीकरण किया है।
वहीं, पंजीकरण का यह आंकड़ा हर मिनट में बढ़ता ही जा रहा है। अभ्युदय कक्षाओं की शुरुआत बसंत पंचमी से होनी प्रस्तावित है। ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ के क्रियान्वयन के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति के सदस्य मंडलायुक्त लखनऊ रंजन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के विशेष प्रयास वाली इस योजना को लेकर युवाओं में उत्साह स्वाभाविक था। लेकिन पोर्टल शुरू होने के शुरुआती 20 घंटों में जिस तेजी के साथ पंजीकरण हुए हैं, वह योजना की सफलता की तस्वीर पेश करती है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को देर रात करीब 11 बजे अभ्युदय का पोर्टल http://abhyuday.up.gov.in/ लाइव शुरू हुआ। गुरुवार शाम करीब 9 बजे तक 11.84 लाख बार वेबसाइट विजिट की गई। कुल अलग-अलग परीक्षाओं के लिए कुल 97549 अभ्यर्थियों का पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। यह ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिन्होंने अपने ईमेल से ओटीपी सत्यापन भी कर दिया है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी करेंगे मार्गदर्शन
अभ्युदय कक्षाओं में प्रतियोगी छात्रों से यह अधिकारी सीधा संवाद करेंगे। मुख्य सचिव आरके तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार और सुरेंद्र सिंह जैसे वरिष्ठ आईएसएस अधिकारी प्रतियोगी छात्रों से सीधे मुखातिब होंगे।
अभ्युदय योजना जानें
सिविल सेवा, जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की चाह रखने वाले युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खास ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ की शुरुआत की है। प्रदेश का कोई भी युवा जो सिविल सेवा, नीट, जेईई, बैंकिंग, टीईटी जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा हो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस खास पहल का लाभ ले सकता है।
इस अभिनव कोचिंग में ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल और लेक्चर आदि तो उपलब्ध होंगे। ऑफलाइन क्लास में आईएएस और पीसीएस परीक्षा के लिए प्रशिक्षु आईएएस, आईपीएस, आईएफएस (वन सेवा), पीसीएस अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। जबकि एनडीए और सीडीएस की परीक्षा के लिए प्राचार्य, उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल द्वारा गाइडेंस मिलेगी। साथ ही नीट, जेईई, बैंक पीओ, एसएससी और टीईटी आदि परीक्षाओं के लिए भी कक्षाएं चलेंगी।
