बागेश्वर: गोल्डन फिश कैंटीन खुलवाने के नाम पर पूर्व फौजियों से ठगे साढ़े आठ लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। कपकोट पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत गोल्डन फिश कैंटीन खुलवाने के नाम पर पूर्व फौजियों से एक व्यक्ति ने साढ़े आठ लाख रुपये ठग लिए। भूतपूर्व सैनिक संगठन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को टीम गठित की गई है। शीघ्र …

बागेश्वर, अमृत विचार। कपकोट पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत गोल्डन फिश कैंटीन खुलवाने के नाम पर पूर्व फौजियों से एक व्यक्ति ने साढ़े आठ लाख रुपये ठग लिए। भूतपूर्व सैनिक संगठन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को टीम गठित की गई है। शीघ्र आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कपकोट थाना क्षेत्र में उतरौड़ा गांव निवासी गोपाल दत्त जोशी पुत्र स्व. खीमानंद जोशी ने कुछ  दिन पहले पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 2013 में कपकोट में सेना की गोल्डन फिश कैंटीन खुलवाने को लेकर उनका संपर्क कुंदन सिंह पुत्र स्व. नवरत सिंह निवासी 504, गढ़ीकैंट, देहरादून से हुआ। उन्होंने कपकोट में कैंटीन खुलवाने की बात की और दस लाख रुपये मांगे। उन्होंने बताया कि सैनिकों को कैंटीन के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही थी।

जिसको लेकर भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने अन्य पूर्व सैनिकों से भी संपर्क किया। आरोपी को दस लाख रुपये दिए, लेकिन अभी तक कैंटीन नहीं खुल सकी है। उन्होंने बताया कि आरोपी को फोन पर लगातार संपर्क किया गया। उसने बीच में डेढ़ लाख रुपये लौटा दिए, लेकिन साढ़े आठ लाख रुपये देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पूर्व फौजियों के साथ धोखाधड़ी की है।

थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि  कुंदन सिंह कंडवाल के खिलाफ आइपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी को टीम गठित की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार