तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 11 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विरुधुनगर। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के अचनकुलम गांव में स्थित पटाखे के एक निजी कारखाने में शुक्रवार को भीषण विस्फोट होने से 11 मजदूरों की जलकर मौत हो गई और 30 अन्य  गंभीर रूप से झुलस गए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों और पीड़ितों के लिए …

विरुधुनगर। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के अचनकुलम गांव में स्थित पटाखे के एक निजी कारखाने में शुक्रवार को भीषण विस्फोट होने से 11 मजदूरों की जलकर मौत हो गई और 30 अन्य  गंभीर रूप से झुलस गए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों और पीड़ितों के लिए मुआवजा देने का ऐलान किया है।

पुलिस ने बताया कि श्री मरियम्मल पटाखा फैक्ट्री में आज दोपहर के बाद अचानक आग लग गयी जिसके बाद कई विस्फोट हुए। उस समय मजदूर पटाखे की फैंसी वेरायटी बनाने में लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रसायनों को रखने के दौरान घर्षण आग त्रासदी का कारण बना। उन्होंने बताया कि आग और विस्फोटों ने दस गोदामों को तबाह कर दिया, जहां तैयार पटाखे और अत्यधिक ज्वलनशील रसायनों का विशाल भंडार जमा किया गया था। शवों के बुरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

विरुधुनगर के जिला अग्निशमन अधिकारी के गलसन ने कहा कि सत्तूर, विरुधुनगर और शिवकाशी से दमकल घटनास्थल पर पहुंचे और एक दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पा काबू पा लिया गया। सभी घायलों को सत्तूर और शिवकाशी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिसमे से कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर है जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जतायी जा रही है।

जिलाधिकारी आर कन्नन ने संवाददाताओं से कहा कि आग लगने की घटना के संबंध में विस्तृत जांच करायी जाएगी। वहीं मदुरई रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक एस राजेंद्रन ने संवाददाताओं को बताया कि पटाखा कारखाने के मालिक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा- ”तमिलनाडु के विरुधुनगर में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में लगी आग की घटना दुखद है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उम्मीद करता हूं कि जो भी घायल हुए हैं वे जल्दी ही ठीक हो जाएंगे। इस घटना से प्रभावित हुए लोगों की मदद के लिए प्रशासन काम कर रहा है।”

इसके अलावा इस घटना में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रूपए और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रूपए दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने ट्वीट में लिखा- ”तमिलनाडु के विरुधुनगर में आग लगने की घटना में जान गवाने वालों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की मदद देने के लिए मंजूरी दे दी गई है। जो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं उन्हें 50-50 हजार रूपए की मदद दी जाएगी।”

संबंधित समाचार