लुधियाना की कंपनी ने मुरादाबाद के व्यापारी से की 15 लाख की ठगी, दो के खिलाफ मुकदमा
अमृत विचार, मुरादाबाद। लुधियाना की एक कंपनी ने मुरादाबाद के व्यापारी से 15 लाख रुपए की ठगी कर ली। सेल्स मैनेजर के जरिए कंपनी के एमडी ने व्यापार की डील की। नियमों का हवाला देते हुए व्यापारी से 15 लाख रुपए बतौर सिक्योरिट एडवांस ले लिया। बाद में करीब सात लाख का माल भेज दिया। …
अमृत विचार, मुरादाबाद। लुधियाना की एक कंपनी ने मुरादाबाद के व्यापारी से 15 लाख रुपए की ठगी कर ली। सेल्स मैनेजर के जरिए कंपनी के एमडी ने व्यापार की डील की। नियमों का हवाला देते हुए व्यापारी से 15 लाख रुपए बतौर सिक्योरिट एडवांस ले लिया। बाद में करीब सात लाख का माल भेज दिया। माल की बिक्री के लिए कोई प्रचार-प्रसार नहीं किया बाद में कंपनी के एमडी ने वह माल भी वापस मंगा लिया।
व्यापारी ने जब अपने रकम मांगी तो पहले टाल-मटोल करने लगे फिर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। व्यापारी ने नागफनी थाने में कंपनी के एमडी व उसके बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
नागफनी थाना क्षेत्र के नवाबपुरा निवासी आसिम नईम का कहना है कि मैट्रो ट्रेडर्स के नाम से वह कारोबार करता है। नवाबपुरा में उसका कार्यालय है। वह लोग बिस्कुट, वाशिंग पाउडर व अन्य सामान की थोक खरीददारी करते हैं। आसिम नईम के अनुसार एक राशिद हुसैन नाम का व्यक्ति मिला। उसने बताया कि लुधियाना में गुड टाइम्स वैंचर्स इंडिया इंक कंपनी है। उसने कंपनी एफएमसीजी के नाम से बिस्कुट, कुकीज और वाशिंग पाउडर समेत अन्य सामान बनाती है।
राशिद ने बताया कि उसने कंपनी की फ्रेंचआईजी ले ली और वह सेल्स मैनेजर है। राशिद ने उनको कंपनी के साथ कारोबार करने की बात कही। आसिम नईम के अनुसार बात तय होने पर उसने कंपनी के खाते में सिक्योरिटी के तौर पर करीब 15 लाख रुपए एडवांस में जमा करा दिए। इसके बाद करीब सात लाख का माल भेजा गया लेकिन करीब पांच माह तक माल की बिक्री के लिए कंपनी की ओर से कोई प्रचार-प्रसार नहीं किया गया।
बाद में कंपनी के एमडी लुधियाना के महिला प्लाजा छठां तल मंडल टाउन एक्सटेंशन डुगरी निकट पुलिस आयुक्त कार्यालय नरेंद्र कुमार छिब्बर व उनके बेटे बक्शी संकल्प छिब्बर ने नियम कायदे बताते हुए भेजा गया माल वापस ले लिया। साथ ही भरोसा दिलाया कि जल्द की उनके 15 लाख रुपए वापस कर दिए जाएंगे।
आसिम नईम के अनुसार काफी वक्त बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की। आरोप है कि शुरू में टहलाते रहे बाद में रकम देने से इंकार कर दिया। दबाव देने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। उनकी तहरीर पर नागफनी थाने में एमडी नरेंद्र कुमार छिब्बर व उनके बेटे बक्शी संकल्प छिब्बर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
