नैनीताल: मौसम ने फिर बदली करवट, ओलावृष्टि से सरोवर नगरी में बढ़ी ठंड
हल्द्वानी, अमृत विचार। सरोवर नगरी नैनीताल में एक बार फिर मौसम ने बुधवार को अचानक करवट बदल ली। इसके चलते दोपहर बाद नैनीताल में ओलावृष्टि होने लगी। इस दौरान मल्लीताल क्षेत्र और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिक ओलावृष्टि हुई है जबकि तल्लीताल में इसका असर कम देखने को मिला। मौसम में आए बदलाव के चलते …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सरोवर नगरी नैनीताल में एक बार फिर मौसम ने बुधवार को अचानक करवट बदल ली। इसके चलते दोपहर बाद नैनीताल में ओलावृष्टि होने लगी। इस दौरान मल्लीताल क्षेत्र और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिक ओलावृष्टि हुई है जबकि तल्लीताल में इसका असर कम देखने को मिला। मौसम में आए बदलाव के चलते स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल घूमने आए सैलानियों को खासी फजीहत उठानी पड़ी।
बुधवार सुबह से नैनीताल का मौसम बेहद खुशनुमा बना हुआ था, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद से आसमान में बादल छाने लगे, इसके बाद करीब डेढ़ बजे बारिश होने लगी। करीब आधे घंटे की बारिश होने के बाद ओलावृष्टि होने लगी। एक घंटे तक ओलावृष्टि जारी रही। इसके बाद फिर हल्की बारिश का दौर चलता रहा जो शाम चार बजे तक चला। शाम चार बजे के बाद एक बार फिर मौसम खुल गया और सूर्य देव के दर्शन हुए। मौसम के बदले मिजाज की वजह से नैनीताल में कड़ाके की ठंड हो गयी है। देहरादून के मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल जिले का अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कुमाऊं में दो दिन और बारिश और बर्फबारी की संभावना
हल्द्वानी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। इसके चलते नैनीताल में बुधवार को ओलावृष्टि हुई है। देहरादून के मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते कुमाऊं में दो और दिन यानी गुरुवार और शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसका असर अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर अधिक रहेगा।
