मुरादाबाद: कचहरी परिसर में पति-पत्नी में मारपीट, कोर्ट में लेने आई थी तलाक
मुरादाबाद। तलाक के लिए कागजी कार्रवाई पूरी करने कचहरी आई महिला के साथ उसके पति ने मारपीट कर दी। उसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को जमकर पीटा। मारपीट होती देख वहां पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के साथ आए युवक ने भी पति के साथ मारपीट की। मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। इसके …
मुरादाबाद। तलाक के लिए कागजी कार्रवाई पूरी करने कचहरी आई महिला के साथ उसके पति ने मारपीट कर दी। उसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को जमकर पीटा। मारपीट होती देख वहां पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के साथ आए युवक ने भी पति के साथ मारपीट की। मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। इसके बाद पति बेटी व अन्य लोगों के साथ चला गया, जबकि पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
घटना शुक्रवार को दोपहर के समय हुई। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार निवासी रजनी का कहना है कि 10 साल पहले उसका विवाह विशाल के साथ हुआ था। उनके एक बेटी भी हुई। आठ साल पहले उसका पति से विवाद हो गया तो वह अलग रहने लगी। बेटी के खर्च के लिए उसने कानूनी कार्रवाई तो उसने देने से इन्कार कर दिया। हालांकि वह बेटी को अपने साथ रखने को तैयार था, जिस पर उसे उसके सुपुर्द कर दिया गया।
रजनी के अनुसार काफी समय पहले उसने विशाल से तलाक लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दे दी थी। वर्तमान में वह उत्तराखंड के रुद्रपुर में रह रही है। शुक्रवार को तलाक संबंधी कागजी कार्रवाई करने के लिए वह एक युवक के साथ कचहरी परिसर आई थी। बताते हैं कि एक चैंबर में उसके भाई-भाभी उसके पति के साथ मिल गए। वहां पर उसकी बेटी भी थी।
रजनी का आरोप है कि जब वह अपनी बेटी से बात कर रही थी तो विशाल भड़क गया। उसके भाई-भाभी के साथ मिलकर उसने मारपीट शुरू कर दी। इस पर रजनी व उसके साथ आए युवक ने भी विशाल को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उनके बीच जमकर मारपीट हुई। जिस कारण काफी हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया तो विशाल अपनी बेटी को लेकर वहां से चला गया। रजनी ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
गोद भराई से चार दिन पहले तोड़ा रिश्ता
मझोला थाना क्षेत्र के चाऊ की बस्ती लाइनपार निवासी मुकेश का कहना है कि उसने अपनी बहन का रिश्ता अमरोहा जिले के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किशनगढ़ निवासी आकाश के साथ तय किया था। रिश्ता तय होते वक्त आकाश व उसके परिजनों ने दहेज की कोई मांग नहीं की। इस पर 21 फरवरी को गोद भराई व नौ मई को शादी का कार्यक्रम तय कर दिया गया। मुकेश के अनुसार वे लोग गोद भराई की तैयारी करने लगे। इस बीच 17 फरवरी को आकाश के परिजनों का फोन आया और उन्होंने पांच लाख रुपए और कार की मांग कर दी। इसके अलावा शादी में करीब तीन लाख रुपये खर्च करने की शर्त भी उन्होंने रख दी। लड़की वालों के असमर्थता जताने पर उन्होंने रिश्ता करने से इन्कार कर दिया। मुकेश का कहना है कि वे लोग उल्टा उसकी बहन के चरित्र पर सवाल उठाने लगे। गोद भराई की रस्म में करीब 30 हजार रुपए खर्च होने का हवाला देने के बाद भी वे रिश्ता करने को तैयार नहीं हुए। इस पर शुक्रवार को उसने प्रार्थना पत्र देकर एसएसपी से शिकायत की। उन्होंने महिला थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
