बरेली: पटेल चौक पर स्काई वॉक को मंजूरी, 150 दुकानों की बनेगी मार्केट
बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक (अय्यूब खां चौराहा) को शहर का सबसे खूबसूरत चौराहा बनाने के लिए काम करने की मंजूरी मिल गई है। स्मार्ट सिटी से स्काई वॉक बनाने के प्रस्ताव को बरेली स्मार्ट सिटी निदेशक मंडल बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। स्काई वॉक में 150 दुकानों की मार्केट पीपीपी मॉडल पर बनाई …
बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक (अय्यूब खां चौराहा) को शहर का सबसे खूबसूरत चौराहा बनाने के लिए काम करने की मंजूरी मिल गई है। स्मार्ट सिटी से स्काई वॉक बनाने के प्रस्ताव को बरेली स्मार्ट सिटी निदेशक मंडल बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। स्काई वॉक में 150 दुकानों की मार्केट पीपीपी मॉडल पर बनाई जाएगी। यह चारों कोनों को जोड़ते हुए बनाई जाएगी।
स्मार्ट सिटी से बनने वाले स्काई वॉक का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। डिजाइन में स्पष्ट दिख रहा है कि गोल शेप में मार्केट पिलरों के सहारे बनाई जाएगी। इसमें सबसे खास बात यह है कि चारों रास्तों की ओर से एस्केलेटर लगाए जाएंगे और नगर निगम गेट के पास से पाथ-वे भी बनेगा। यह पाथ-वे सभी सड़कों से इंटरकनेक्ट किया जाएगा। 12 पिलर के सहारे 7.8 मीटर की ऊंचाई पर स्काई वॉक बनाने डिजाइन फाइनल किया गया है। इस मार्केट के नीचे यातायात भी चलेगा। मेट्रो की तर्ज पर ही इस स्काई वॉक में बनने वाले मार्केट के नीचे भी लोगों की आवाजाही रहेगी।
पटेल चौक से वर्तमान में चार सड़कें लिंक हैं। यहां से एक सड़क चौपुला चौराहा, दूसरी चौकी चौराहा, तीसरी नगर निगम और चौथी सड़क बड़ा हनुमान मंदिर की ओर जाती है। यह चौराहा बरेली स्मार्ट सिटी के एबीडी (एरिया बेस्ड डेवलपमेंट) में शामिल है। बताया जाता है कि 150 दुकानों की मार्केट बनाने के लिए निगम गेट तक, चौपुला रोड पर विशाल शोरूम तक, चौकी चौराहा रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा तक और हनुमान मंदिर तक का एरिया लिया जा सकता है।
स्काई वॉक के नीचे स्थापित होगी सरदार पटेल की मूर्ति
नगर निगम के रिकार्ड के अनुसार, 15 अगस्त 1983 को नगर निगम की ओर से पटेल चौक पर सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित की गई थी। अब इस चौक की रोटरी का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा भी स्थापित कराई जाएगी।
स्काई वॉक की विशेषताएं
– स्काई वॉक की कुल लंबाई पटेल चौक पर करीब 400 मीटर है।
– स्काई वॉक आधुनिक और आकर्षक डिजाइन का बनेगा।
– सड़क के मध्य बनेगा, इसलिए यह केंद्र पर एकल कॉलम द्वारा समर्थित होगा।
– प्रवेश और निकास के चार एक्सेस रोड होंगे। प्रत्येक रोड में सीढ़ी होगी।
– बिना जंक्शन के किसी भी सड़क पर प्रवेश करने और बाहर निकलने के लिए पैदल यात्री के लिए आसान पहुंच बनाने के लिए एक परिधीय गोला बनेगा।
– यहां दो-ढाई मीटर पर बैकलिट बोर्ड पर विज्ञापन के माध्यम से राजस्व उत्पन्न करेगा।
– डंडे पर एक मीटर की बैकलिट बोर्ड और एलईडी स्क्रीन लगेगी
– आर्थिक सुविधा को प्रोत्साहित करने के लिए नोड्स पर और बीच में 150 दुकानें बनेंगी ताकि राजस्व बढ़े।
“स्काई वॉक को मंजूरी मिल गई है। निविदा निकाली गई है। स्काई वॉक बनने से शहर का नक्शा बदलेगा। इससे शहर की खूबसूरती बढ़ेगी। प्रोजेक्ट को स्मार्ट सिटी के तहत बनाया जाएगा।” -रणवीर प्रसाद, मंडलायुक्त
