खुलासा: दुष्कर्म का विरोध करने पर प्रेमी ने की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में हुई महिला शिक्षक की हत्या के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी निकला। घटना की देर शाम वह नशे में धुत होकर उसे घुमाने के बहाने पैपटपुरा के पास ले गया और वहां पर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने …

मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में हुई महिला शिक्षक की हत्या के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी निकला। घटना की देर शाम वह नशे में धुत होकर उसे घुमाने के बहाने पैपटपुरा के पास ले गया और वहां पर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने उसके दुपट्टे से ही गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को दीवार के किनारे फेंककर भाग गया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। वहीं खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम भी दिया है।

14 फरवरी की सुबह मझोला थाना क्षेत्र में पैपटपुरा के पास एक युवती का शव मिला था। सूचना पर एसएसपी समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। देर शाम मृतका की शिनाख्त मझोली की रहने वाली एक शिक्षक के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी।

दुष्कर्म की आशंका के तहत स्लाइड बना ली गई थी। एसएसपी ने इस मामले में मझोला पुलिस के अलावा एसओजी को भी लगाया था। आखिरकार टीमों ने आरोपी कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला निवासी बिट्टू को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया। शनिवार को पुलिस लाइन में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया गया।

150 सीसीटीवी खंगालने के बाद सामने आया आरोपी
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि घटनास्थल के पास एक ब्रांडेड टोपी मिली थी, जिस पर शक हुआ था कि टोपी आरोपी की है। शिक्षक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उसके घर से बुद्धि विहार और घटनास्थल तक जाने वाले रास्ते में लगे करीब 150 सीसीटीवी चेक किए। फुटेज में एक लाल रंग की संदिग्ध बाइक नजर आई, जिस पर उन्होंने बाइक सवार युवक की पहचान बताने वाले को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा कर दी। बकौल एसएसपी यह तरकीब काम कर गई और लोगों ने फोन करके बिट्टू के बारे में जानकारी दे दी। वहीं उन्होंने बताया कि वारदात के बाद भागते समय बिट्टू की बाइक घटनास्थल के पास कीचड़ में फंस गई थी। दो लोगों ने बाइक निकालने में उसकी मदद की, जिसमें एक युवक ने बाइक की फोटो खीच ली थी, जो उसने पुलिस के दे दी थी।

पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बकौल एसएसपी, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के मध्य पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर फोन पर बातें करने के साथ ही एक-दूसरे से मिलते थे। करीब डेढ़ साल पहले बिट्टू की पत्नी ने उसे फोन पर उसके साथ बात करते हुए पकड़ लिया था, जिस पर दोनों में जमकर झगड़ा हुआ और वह गुस्से मे चंडीगढ़ स्थित अपने मायके चली गई। तब से अपने भाई के साथ चंडीगढ़ में रह रही है। बकौल एसएसपी, नियमित बात करने के कारण उसे उसकी हर गतिविधि की जानकारी थी। मसलन कितने बजे वह घर से निकलती है, कहां पर ट्यूशन पढ़ाने जाती है और कब वापस आती है। 13 फरवरी को बिट्टू खुशहालपुर बसंत विहार में नानी के घर गया। वापस लौटते समय उसने एक पकौड़ी के ठेले पर शराब पी और तिराहे के पास उसका इंतजार करने लगा। रात करीब नौ बजे वह आई तो उसे घुमाने के बहाने बाइक पर बैठा लिया। बाद में घुमाते हुए उसे पैपटपुरा के पास सुनसान स्थान पर ले गया। बकौल एसएसपी, यहां पर उसने उसके साथ नशे की हालत में दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर तैश में आकर उसने उसके दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को खींच कर दीवार के पीछे छिपा दिया। बाद में घटनास्थल के पास उसका बैग फेंककर फरार हो गया।

नशे में धुत होकर खोला राज
एसएसपी प्रभाकर चौधरी के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद वह मंडी के पास गया। वहां पर एक पीआरडी जवान से उसने शराब के लिए सौ रुपए लिए। शराब पीने के बाद जब वह नशे में हो गया तो उसने पीआरडी जवान के सामने उसकी हत्या करने की बात भी कबूल की। पीआरडी जवान से तो नशे में उसने यहां तक कहा कि अगर किसी का मर्डर करवाना है तो वह कर देगा। एसएसपी ने बताया कि आरोपी बिट्टू आपराधिक किस्म का है। वह लूट, आर्म्स एक्ट और दुष्कर्म के मामलों में जेल भी जा चुका है। उन्होंने बताया कि लूट की वारदात करने के बाद मिली रकम का कुछ हिस्सा प्रेमिका को देने की बात भी उसने कबूल की है।

टीम हुई पुरुस्कृत, सूचना देने वालों को भी मिलेगा इनाम
खुलासे के बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपए का नकद पुरुस्कार दिया। जबकि सूचना देने वाले तीन लोगों को भी पुरुस्कृत करने की घोषणा की। टीम में मझोला थाना प्रभारी अजयपाल सिंह के अलावा एसआई पंकज कुमार, ललित चौधरी, विनोद कुमार, संदीप मलिक, सौरभ त्यागी, मोहम्मद यासीन, एसओजी प्रभारी अजयपाल समेत जितेंद्र कुमार, अंकुल, ब्रजेश कुमार, विवेक इश्त्याक, जुगेंद्र, आलोक , आशीष कुमार, राजीव कुमार, अजय कुमार, दीपक कुमार और कपिल कुमार शामिल हैं।

संबंधित समाचार