मुरादाबाद: बच्चों के मन से गणित का डर दूर करेंगे खिलौने
मुरादाबाद। शुरुआत से ही बच्चों के मन में गणित के उलझाने वाले सवालों का डर बैठ जाता है। अमूमन देखा जाता है कि बच्चे गणित विषय से ही बचने लगते हैं। लेकिन, अब इस डर को बचपन से ही दूर किया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक विद्यालयों को मैथ किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें गणित से …
मुरादाबाद। शुरुआत से ही बच्चों के मन में गणित के उलझाने वाले सवालों का डर बैठ जाता है। अमूमन देखा जाता है कि बच्चे गणित विषय से ही बचने लगते हैं। लेकिन, अब इस डर को बचपन से ही दूर किया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक विद्यालयों को मैथ किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें गणित से जुड़ी सामग्री खिलौनों के रूप में होगी, जो बच्चों को पढ़ाई की ओर आकर्षित कर उनके मन से गणित को लेकर बैठा डर दूर करेगी।
परिषदीय स्कूलों के बच्चों के लिए नए सत्र से मैथ किट दी जाएगी। इस किट में शामिल ठोस आकृतियों से छात्रों को त्रिआयामी आकृतियों की समझ, टाइल्स के माध्यम से द्विआयामी आकृतियों, टाइलीकरण और पैटर्न की समझ विकसित की जाएगी। साथ ही स्टांप पैड व स्टांपिंग कंटेनर द्वारा छात्रों में त्रिआयामी से द्विआयामी आकृति में परिवर्तन व आयतन का अनुमान और पैटर्न बनाने की समझ विकसित की जाएगी।
वहीं प्ले मनी (रुपये व सिक्के) के माध्यम से छात्रों में स्थानीय मान व जोड़ और घटाने के तरीके भी सिखाए जाएंगे। इसी तरह डोमिनो नंबर कार्डस, ब्लाक्स और घड़ी व रस्सी के जरिए भी गणित की अलग-अलग अवधारणा की समझ छात्र छात्राओं में विकसित की जाएगी। किट के साथ दिशा-निर्देश की एक पुस्तक भी है, जिसमें इस किट के उपयोग के बारे में बताया गया है। शिक्षक इसका अध्ययन कर किट में दी गई विभिन्न वस्तुओं के उपयोग के संबंध में जानकारी देंगे। यह किट कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए ज्यादा उपयोगी साबित होगी। जल्द ही यह किट एनसीईआरटी द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय को मुहैया कराई जाएगी।
छोटे-छोटे समूहों में बैठकर पढ़ेंगे बच्चे
किट द्वारा गणित की समझ को विकसित करने के दौरान बच्चों को छोटे-छोटे समूहों में बैठाया जाएगा या फिर उनकी जोड़ी बनाकर उनसे गतिविधियां कराई जाएंगी, ताकि आसानी से वह हर गतिविधि को समझ सकें।
पोस्टर के माध्यम से दी जाएगी परिवेश की जानकारी
पोस्टर आधारित चित्रों के माध्यम से छात्रों को अपने परिवेश की जानकारी दी जाएगी। वहीं इन चित्रों में छपी ऐतिहासिक जगहों पर भी छात्र-छात्राओं को भम्रण कराया जाएगा, जिसका खर्च स्कूल ग्रांट में से लिया जाएगा।
-शुभम शर्मा
