मुरादाबाद: कारोबारी ने चौथी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
मुरादाबाद/पाकबड़ा /अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में कारोबारी ने सुपरटेक अपार्टमेंट के चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। क्षेत्रीय लोगों ने जब नजारा देखा तो होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन उसे दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर आए, जहां पर कुछ देर बाद मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को …
मुरादाबाद/पाकबड़ा /अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में कारोबारी ने सुपरटेक अपार्टमेंट के चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। क्षेत्रीय लोगों ने जब नजारा देखा तो होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन उसे दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर आए, जहां पर कुछ देर बाद मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं फारेंसिक टीम ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की, लेकिन वह चुप्पी साधे हुए हैं। हालांकि घरेलू विवाद में आत्महत्या की बात कही जा रही है।
घटना पाकबड़ा थाना क्षेत्र में सुपरटेक सोसाइटी में हुई। यहां पर कई अपार्टमेंट बने हुए है, ए ब्लाक में पांचवी मंजिल में कारोबारी सचिन जैन अपने परिवार के साथ रहते थे। करीब एक साल पहले तक वह डिजाइनको कंपनी में काम करते थे। वह कंपनी के मालिक के रिश्तेदार भी थे। करीब एक साल पहले सचिन ने नौकरी छोड़ दी और खुद का कारोबार करने लगे। उन्होंने मझोला थाना क्षेत्र में एक शापिंग माल खोल लिया है। घर में उनकी पत्नी व बच्चे हैं, कुछ दिनों पहले उनकी मां भी रहने आई थी।
बताते हैं कि सोमवार की दोपहर वह अपने घर पर थे। मां से कुछ बात करने के बाद अचानक वह घर से निकले और चौथी मंजिल में आ गए। यहां से उन्होंने छलांग लगा दी, जल्दबाजी में छलांग लगाते समय उनकी एक चप्पल वहीं रह गई। कालोनी वालों ने जब नजारा देखा तो होश उड़ गए। शोर-शराबा होने पर परिजन भी घर से बाहर आ गए। नजारा देख उनकी भी चीख निकल गई। आनन-फानन में सचिन की पत्नी उनको लेकर दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल लाई। जहां पर कुछ देर बाद डाक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर अस्पताल के अलावा मौके पर भी पुलिस फारेंसिक टीम के साथ पहुंच गई। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों से पूछताछ की लेकिन वह कोई सही जानकारी नहीं दे सके। इधर शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद पुलिस ने फिर परिजन व रिश्तेदारों से आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश की लेकिन वह चुप्पी साधे रहे। इतना ही नहीं अस्पताल में मृतक की पत्नी ने कुछ मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्रता की। हालांकि आत्महत्या की वजह घरेलू विवाद होना सामने आ रहा है। इस मामले में पाकबड़ा एसओ रजनी द्विवेदी ने बताया कि परिजन अभी कोई सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। वजह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है।
