मुरादाबाद : एसटीएफ ने पकड़ा 20 हजार का इनामी माफिया
मुरादाबाद,अमृत विचार। एसटीएफ बरेली व मझोला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार के इनामी शराब माफिया को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। माफिया पर मुरादाबाद के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। जबकि गैंग के अधिकतर सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके …
मुरादाबाद,अमृत विचार। एसटीएफ बरेली व मझोला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार के इनामी शराब माफिया को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। माफिया पर मुरादाबाद के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। जबकि गैंग के अधिकतर सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
आठ फरवरी को एसटीएफ बरेली ने सिविल लाइंस क्षेत्र के अगवानपुर में दबिश देकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से करीब 30 हजार लीटर ईएनए(एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल) बरामद किया गया था। इस कार्रवाई में गैंग का सरगना कटघर थाना क्षेत्र के गुलाबबाड़ी निवासी अनिल सैनी हत्थे नहीं लगा था। इसके बाद से एसटीएफ अनिल सैनी की तलाश में जुट गई।
सोमवार को एसटीएफ प्रभारी अजयपाल सिंह को अनिल सैनी के मझोला थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। जिस पर सब इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबिल नितिन व संदीप को दबिश के लिए भेजा। मझोला थाना पुलिस की मदद से टीम ने उसे टीपीनगर से आटो स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने उसे मझोला थाने के सुपुर्द कर दिया।
मझोला पुलिस के अनुसार अनिल सैनी के खिलाफ मझोला, कटघर, भोजपुर व सम्भल के थानों में शराब तस्करी, अवैध शराब बनाने, धोखाधड़ी और आर्म्सएक्ट के करीब एक दर्जन से अधिक मामले है। मझोला थाने में एक दिसंबर 2020 को पिकअप वाहन में दो हजार लीटर ईएनए बरामद किया गया था। मौके से पुलिस ने चालक लोनी गाजियाबाद निवासी अनिल कसाना को पकड़ा था। इस मामले में अनिल कसाना के साथ अनिल सैनी और अज्जू के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
