मुरादाबाद : पार्टनर ने चिकित्सक से की 80 लाख की धोखाधड़ी
मुरादाबाद,अमृत विचार। चिकित्सक का पार्टनर बनकर युवक ने उनसे करीब 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। इतना ही नहीं मकान बनवाने के नाम पर दस लाख रुपए नकद ले लिए। वहीं मेडिकल स्टोर में होने वाले मुनाफे को भी लाकडाउन का बहाना बनाकर देने से इंकार कर दिया। बाद में मालूम हुआ कि उसने …
मुरादाबाद,अमृत विचार। चिकित्सक का पार्टनर बनकर युवक ने उनसे करीब 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। इतना ही नहीं मकान बनवाने के नाम पर दस लाख रुपए नकद ले लिए। वहीं मेडिकल स्टोर में होने वाले मुनाफे को भी लाकडाउन का बहाना बनाकर देने से इंकार कर दिया। बाद में मालूम हुआ कि उसने जीएसटी व अन्य टैक्स भी नहीं जमा किए हैं। तगादा करने पर युवक ने रकम देने से इंकार करने के साथ ही चिकित्सक को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने गलशहीद थाने में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
गलशहीद थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी डा. आनंद सिंह ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। उनका कहना था कि उनका क्लीनिक मोहल्ले में ही है। क्लीनिक में उनका मेडिकल स्टोर भी है। जिसे बिजनौर जिले के थाना अफजलगढ़ के ग्राम नेजा सराय निवासी शहजाद अहमद संचालित करता था। मेडिकल स्टोर में होने वाली पूरी आय-व्यय का ब्यौरा भी शहजाद अहमद देखता था। महीने के अंत में मुनाफा दे देता था।
उनके अनुसार लाकडाउन के दौरान उसने कोई मुनाफा नहीं दिया। उल्टा मकान बनवाने के नाम पर उसने दस लाख रुपए उधार ले लिए। चिकित्सक के अनुसार लाकडाउन खत्म होने के बाद जब पैसा मांगा तो पहले वह टरकाता रहा, बाद में देने से इंकार कर दिया। कुछ दिनों बाद उसने मेडिकल स्टोर में आना भी बंद कर दिया।
स्टोर से संबंधित सभी कागजात उसके पास थे, जानकारी करने पर मालूम हुआ कि शहजाद ने फर्म के जाली कागजात बनवाकर जीएसटी समेत अन्य टैक्स भी जमा नहीं किए हैं। जिसका करीब 60 लाख रुपया बकाया है। इस तरह से उसने करीब 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। तगादा करने पर अब वह जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसएसपी के आदेश पर गलशहीद थाने में आरेपी शहजाद अहमद, मोहम्मद फैजल, मोहम्मद तौसीफ व विशाल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
