मुरादाबाद: कौन बनेगा करोड़पति में इनाम निकलने का झांसा देकर ठगे 60 हजार
मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर लुटेरों ने सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले एक व्यापारी को निशाना बना लिया। फोन करने वाले ठग ने कौन बनेगा करोड़पति में पांच लाख का इनाम निकलने का झांसा देकर उससे 60 हजार रुपए ठग लिए। झांसा दिया कि तीन दिन के अंदर पांच लाख का चेक कोरियर द्वारा उसके …
मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर लुटेरों ने सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले एक व्यापारी को निशाना बना लिया। फोन करने वाले ठग ने कौन बनेगा करोड़पति में पांच लाख का इनाम निकलने का झांसा देकर उससे 60 हजार रुपए ठग लिए। झांसा दिया कि तीन दिन के अंदर पांच लाख का चेक कोरियर द्वारा उसके घर पहुंच जाएगा। तय वक्त बीतने के बाद भी जब चेक नहीं पहुंचा तो उसे धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी ह।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आशियाना कालोनी निवासी मोहम्मद सलीम की शहर कोतवाली क्षेत्र में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। सलीम के अनुसार करीब दो माह पहले उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कौन बनेगा करोड़पति कार्यालय से बोलने की बात कही। साथ ही उसने बताया कि आन लाइन शॉपिंग करने वाले चुनिंदा लोगों का इनाम के लिए चयन किया गया है, जिसमें सलीम का भी चयन हुआ।
सलीम के अनुसार करीब एक सप्ताह भर बाद फिर फोन आया और काल करने वाले ने कहा कि कूरियर के जरिए उसे पांच लाख का चेक भेज दिया जाएगा, हालांकि इसके लिए कुछ भुगतान करना होगा। सलीम के अनुसार झांसे में लेकर उन्होंने तीन बार में 60 हजार रुपए अपने एकाउंट में ट्रांसफर करा दिए। लंबा वक्त बीतने के बाद भी जब चेक नहीं आया तो सलीम ने संबंधित नंबर पर संपर्क किया तो वह बंद था। धोखाधड़ी की जानकारी होने पर मंगलवार को उन्होंने एसएसपी को तहरीर दी। उन्होंने साइबर सेल को जांच सौंप कर दी है।
