हरदोई: पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा कर मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हरदोई। स्थानीय पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 की तैयारी की समीक्षा करते हुए आयुक्त लखनऊ मण्डल रंजन कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी अविनाश कुमार से कहा कि पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों सहित मतदान कर्मिकों की सूची तैयार करा लें और जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारी पहले से तय कर दें। समीक्षा …
हरदोई। स्थानीय पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 की तैयारी की समीक्षा करते हुए आयुक्त लखनऊ मण्डल रंजन कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी अविनाश कुमार से कहा कि पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों सहित मतदान कर्मिकों की सूची तैयार करा लें और जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारी पहले से तय कर दें।
समीक्षा में आयुक्त ने जिलाधिकारी से कहा कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन उप जिलाधिकारियों के माध्यम से करायें तथा बूथों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैम्प आदि की व्यवस्था पहले से करा दी जायें और वाहन तथा मतपेटियों की उपलब्धता बनाये रखें और कार्मिकों एवं मतपेटियों की कमी होने पर आयोग को सूचित करें।
निर्वाचन में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के सम्बन्ध में आयुक्त ने अपर पुलिस अधीक्षक कपिल कुमार को निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्र के आसामाजिक एवं अपराधिक तत्वों को चिन्हित करते हुुए उन्हें पाबंद कराना सुनिश्चित करें।
उन्होेने कहा कि पंचायत सामान्य निर्वाचन की संवेदनशीलता को देखते हुए निर्वाचन की समस्त तैयारियां की जायें। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी मण्डलायुक्त को आश्वासन दिया कि पंचायत सामान्य निर्वाचन की समस्त तैयारियों आयोग के दिशा निर्देशानुसार समयबद्व रूप से की जा रही है और दिये गये निर्देशो का पालन कराया जायेगा।
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना, जिला विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चन्द्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव उपस्थित रहे।
