बरेली: आई कार्ड विवाद में छात्र 15 दिन के लिए सस्पेंड
अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आईकार्ड चेक करने के दौरान प्रॉक्टर से भिड़ने वाले छात्र को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने 15 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया है। वह 15 दिनों तक विश्वविद्यालय में नहीं आ सकेगा। उसे 2 मार्च को अपने परिजनों के साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सामने अपना स्पष्टीकरण देना होगा। उसके बाद …
अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आईकार्ड चेक करने के दौरान प्रॉक्टर से भिड़ने वाले छात्र को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने 15 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया है। वह 15 दिनों तक विश्वविद्यालय में नहीं आ सकेगा। उसे 2 मार्च को अपने परिजनों के साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सामने अपना स्पष्टीकरण देना होगा। उसके बाद उसके सस्पेंशन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 23 फरवरी को कोरोना की वजह से प्रॉक्टोरियल बोर्ड सख्ती कर रहा था। इसी दौरान कैंटीन के बाहर बाइक सवार दो छात्रों को वहां मौजूद दो प्रॉक्टर ने रोक लिया और उससे आईकार्ड मांगा। प्रॉक्टर का कहना था कि छात्र ने अभद्रता की तो छात्र का आरोप था कि प्रॉक्टर ने उसे हाथ उठाकर मारने का प्रयास किया। इस घटना के बाद सछास व सपा नेताओं ने चीफ प्रॉक्टर प्रो. जेएन मौर्या का घेराव किया था। एबीवीपी ने भी घेराव कर कार्रवाई की मांग की थी। 24 फरवरी को चीफ प्रॉक्टर ने एक कमेटी का गठन किया था।
गुरुवार को चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्या, डिप्टी चीफ प्रॉक्टर एके सिंह समेत कमेटी के सदस्यों व प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने बैठक की। बैठक में सभी ने अपनी बात रखी और मौके की सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई गई। फुटेज देखने के बाद छात्र के सस्पेंशन का फैसला लिया गया। होटल मैनेजमेंट विभाग के प्रॉक्टर आशुतोष प्रिय ने बताया कि शिक्षक और छात्र दोनों का सम्मान जरूरी है। चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्या ने बताया कि छात्र को 15 दिन के लिए सस्पेंड किया गया है। स्पष्टीकरण देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
