बदल रहा है मौसम का मिजाज, कुछ इस तरह दें बीमारियों को मात
अमृत विचार, बरेली। कड़ाके की सर्दी के बाद मौसम में अचानक आए बदलाव ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ा दी हैं। दिन में तेज धूप होने के साथ ही रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। इस बदलते मौसम में लोग जुकाम और बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इससे अस्पतालों में …
अमृत विचार, बरेली। कड़ाके की सर्दी के बाद मौसम में अचानक आए बदलाव ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ा दी हैं। दिन में तेज धूप होने के साथ ही रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। इस बदलते मौसम में लोग जुकाम और बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।
डाक्टरों का कहना है कि वैसे तो गर्मी में रोगियों की संख्या बढ़ती है लेकिन इस समय प्रतिदिन बदल रहे मौसम के कारण खांसी, जुकाम, वायरल फीवर जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। इनसे बचने के लिए मरीजों को दवा के साथ ही स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह भी दी जा रही है। बदलते मौसम में जरा सी लापरवाही और खानपान का ध्यान न रखने से लोग बीमार पड़ते हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम कभी ठंडा तो कभी गर्म हो रहा है जिससे ज्यादातर महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग बीमारियों की चपेट में आ रहे है।
बदले मौसम में ऐसे करें बचाव
- सुबह-शाम घर से निकलते समय ठंडी हवा से बचें ऐसे कपड़ों का प्रयोग करे।
- मुंह-नाक में बार-बार हाथ न लगाएं।
- घर में अपने अलग टावल का प्रयोग करें।
मौसम के बदलाव से लोगों को खानपान और पहनावे पर विशेष तौर पर ध्यान देना चाहिए ताकि इसके कारण उनके शरीर पर कोई बुरा प्रभाव न पड़े। साथ ही बदलते मौसम के फलों को सेवन करना चाहिए। विटामिन सी का प्रयोग करना फायदेमंद रहता है। -डा. एसके गर्ग, सीएमओ
