हल्द्वानी: महंगाई और तेल की बढ़ती कीमतों पर सदन में गूंजे मैडम के तीखे बोल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने नियम 310 के अंतर्गत पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई का मुद्दा ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विधानसभा सदन में चर्चा के लिए उठाया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। देश के कई राज्यों में इनकी कीमत 100 रुपये …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने नियम 310 के अंतर्गत पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई का मुद्दा ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विधानसभा सदन में चर्चा के लिए उठाया।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। देश के कई राज्यों में इनकी कीमत 100 रुपये लीटर तक पहुंच गई हैं। उत्तराखंड में भी करीब 87 रुपये तक रेट चल रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी मुल्कों, जिनकी अर्थव्यवस्था भारत से कम है, उन देशों में भी तेल की कीमतें भारत से कम हैं। इसी तरह खाद्य तेल भी 150 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। केंद्र व प्रदेश सरकार तेल की कीमतों पर नियंत्रण करने में विफल रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले साल 2020 में रसोई गैस उपभोक्ताओं को 309.57 रुपये की सब्सिडी मिली थी, जो आज घट कर महज 18 रुपये ही रह गई है। पिछले 57 दिनों में रसोई गैस के दाम 150 रुपये तक प्रति सिलेंडर बढ़े हैं। डॉ. इंदिरा ने कहा कि केंद्र सरकार की उज्ज्वल योजना में प्रदेश में 30 हजार लोगों को रसोई गैस कनेक्शन दिए गए थे। इनमें 15 हजार कनेक्शनधारकों ने महंगाई की वजह से सिलेंडर लेना बंद कर दिए हैं। इससे केंद्र की महत्वाकांक्षी योजना भी विफल रही है। कांग्रेस की तरफ से विधायक प्रीतम सिंह, गोविन्द सिंह कुंजवाल, करन माहरा, ममता राकेश, काजी निजामुद्दीन, हरीश सिंह, आदेश सिंह चौहान, राजकुमार आदि शामिल थे।

पड़ोसी देश के नाम, पेट्रोल के दाम रुपये प्रति लीटर,  डीजल के दाम प्रति लीटर
————
चीन, 77, 67
भूटान, 77, 67
नेपाल, 69, 58
बांग्लादेश, 76, 55
पाकिस्तान, 51, 53
इंडोनेशिया, 46, 50
अफगानिस्तान, 43, 48
श्रीलंका, 60, 39

(नोट:-कांग्रेस का दावा है कि यह आंकड़ें सदन में दिए गए है )

संबंधित समाचार