बरेली: रास्ता खोलने पर गड्ढों में फंसे वाहन, लगता रहा जाम
अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान चौराहा पर जाम की समस्या आम हो गई है। आईजी ऑफिस की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता तो मिट्टी डालकर खोल दिया लेकिन मिट्टी में वाहन फंसने की वजह से जाम लग रहा है। गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक दोनों तरफ से वाहन गुजारने से भी …
अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान चौराहा पर जाम की समस्या आम हो गई है। आईजी ऑफिस की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता तो मिट्टी डालकर खोल दिया लेकिन मिट्टी में वाहन फंसने की वजह से जाम लग रहा है। गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक दोनों तरफ से वाहन गुजारने से भी जाम लंबा हो रहा है। इस रास्ते पर सिर्फ चौकी चौराहा से गांधी उद्यान तक वाहनों के गुजारने से जाम की समस्या से कुछ हद तक निजात मिल सकती है।
चौकी चौराहा से गांधी उद्यान तक सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। मंगलवार को गांधी उद्यान से आईजी ऑफिस को जाने व वापस आने वाले वाहनों के लिए रास्ता बंद करने से लोग डिवाइडर के ऊपर से वाहन निकालते रहे। बुधवार को आईजी ऑफिस की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता खोला गया।
मोड़ पर मिट्टी डालकर रास्ता चालू किया गया लेकिन वाहनों के वजह से मिट्टी धंस गई और गड्ढा हो गया। इससे वाहन फंसकर निकलने लगे। इधर से आने वाला कोई वाहन गांधी उद्यान की तरफ जाना चाह रहा था तो कोई वाहन चौकी चौराहा की तरफ। इसके साथ ही चौकी चौराहा से गांधी उद्यान और गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक दोनों तरफ से वाहन गुजर रहे थे।
दोनों तरफ से वाहन गुजरने से रास्ता संकरा हो गया था और रोडवेज बसों या अन्य बड़े वाहनों की वजह से जाम लगता रहा। ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी चौराहा पर मौजूद थे लेकिन जाम से निजात नहीं दिला पाए। इस रास्ते पर जाम से तभी निजात मिल सकती है, जब तक काम पूरा नहीं हो जाता है।
इसके अलावा विकास भवन की तरफ से आने वाले वाहनों को सीधे बिजली घर के रास्ते कैंट की तरफ भेजकर जाम से निपटा जा सकता है। गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक जाने वाले वाहनों को रोकने से जाम से निजात मिल सकती है। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि जाम से निजात के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। इस रास्ते को वनवे भी किया जा सकता है।
पटेल चौक पर भी शुरू हुई दिक्कत
पटेल चौक पर एक बार फिर से सीवर लाइन का काम शुरू कर दिया गया है। यहां पर नगर निगम की तरफ से आने वाले वाहनों को दूसरी दिशा से मोड़कर भेजा जा रहा है। दूसरी तरफ से गलत दिशा में वाहन आ जा रहे हैं। इसकी वजह से जाम लग रहा है। बरेली कॉलेज के सामने नाला निर्माण से लगातार परेशानी बढ़ती ही जा रही है।
नाला की खुदाई की मिट्टी सड़क पर पड़े होने और दूसरी तरफ डलावघर की वजह से जगह न होने की वजह से जाम तो लग ही रहा है साथ ही मिट्टी के ढेर से वाहन गुजरने से हादसा होने का डर बना रहता है। इसी तरह से चौपुला चौराहा और मालियों की पुलिया पर भी रोजाना जाम में फंसकर ही वाहन गुजर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस कोई भी समाधान नहीं निकाल पा रही है।
ईंट पजाया चौराहा पर भी लगा जाम
बुधवार को शहदाना मैदान में उर्स के बाद एक साथ वाहनों के निकलने से ईंट पजाया चौराहा पर जाम लग गया। यहां पर जाम लगने से श्यामगंज ओवरब्रिज पर भी लंबा जाम लग गया और वाहन रेंगते हुए गुजरे। काफी देर बाद जाम से छुटकारा मिल सका।
