मुरादाबाद: प्लाट की फर्जी रजिस्ट्री कराकर हड़पे 11 लाख, एसएसपी ने दिए जांच करने के आदेश
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्लाट की फर्जी रजिस्ट्री कराकर ग्रामीण से तथाकथित भू माफियाओं ने 11 लाख रुपए हड़प लिए। ग्रामीण जब प्लाट पर कब्जा करने पहुंचा तो देखा वहां पर काम हो रहा है। पूछने पर मालूम हुआ कि प्लाट बैंक में बंधक था। नीलामी के बाद यह दो महिलाओं के नाम हो चुका है। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्लाट की फर्जी रजिस्ट्री कराकर ग्रामीण से तथाकथित भू माफियाओं ने 11 लाख रुपए हड़प लिए। ग्रामीण जब प्लाट पर कब्जा करने पहुंचा तो देखा वहां पर काम हो रहा है। पूछने पर मालूम हुआ कि प्लाट बैंक में बंधक था। नीलामी के बाद यह दो महिलाओं के नाम हो चुका है।
जानकारी होने पर ग्रामीण ने भू माफियाओं से रकम मांगी तो उन्होंने बाउंस चेक थमा दिए। बाद में तगादा करने पर ग्रामीण को जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने कटघर थाना पुलिस को जांच करने के आदेश दिए हैं।
धोखाधड़ी का शिकार हुआ ग्रामीण मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम चमरौवा निवासी उस्मान है। गुरुवार को उस्मान ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। उसका कहना था कि कटघर थाना क्षेत्र में लाजपतनगर निवासी फरहत अली खां व उसके बेटे वसीम व तंजीम उसके संपर्क में आए। दोनों ने बताया कि पंडित नगला में उनका एक प्लाट है। जरूरत होने के कारण वह प्लाट सस्ते में बेंच रहे हैं।
भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने दो दिन तक जेसीबी से प्लाट की सफाई करवाने के साथ ही मिट्टी डलवाई। इस बीच किसी ने विरोध नहीं किया तो उस्मान ने 11 लाख रुपए में प्लाट का सौदा तय कर लिया। पूरी रकम देने के बाद जब रजिस्ट्री कराने की बात आई तो काफी समय तक वह टहलाते रहे। बाद में उन्होंने किसी मतलूब हुसैन से मिलवाया और कहा कि प्लाट उसके नाम है। बाद में उस प्लाट की रजिस्ट्री उस्मान के नाम करा दी गई। उसके अनुसार रजिस्ट्री कराने के कुछ दिनों बाद वह प्लाट पर गया तो देखा वहां पर काम चल रहा है।
जानकारी करने पर मालूम हुआ कि फरहत ने लोन लेते समय प्लाट को बंधक बनाया था। लोन न चुकाने के कारण बैंक अफसरों ने प्लाट की नीलामी कर दी। अब यह दो महिलाओं के नाम है। उस्मान के अनुसार धोखाधड़ी होने पर जब रकम मांगी तो उन्होंने बाउंस चेक थमा दिए। अब तगादा करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी ने कटघर पुलिस को जांच कर विधिक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
