बरेली: घंटों गायब रहे कर्मचारी, पंजीयन न होने पर गुस्साए फड़ वाले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित शिविर को लेकर अव्यवस्थाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को जहां लोन के लिए चक्कर लगाते-लगाते परेशान फड़ विक्रेताओं ने जमकर हंगामा किया था। वहीं, गुरुवार को शिविर में कर्मचारियों के समय पर न पहुंचने पर फड़ दुकानदार भड़क उठे। उन्होंने नगर …

अमृत विचार, बरेली। पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित शिविर को लेकर अव्यवस्थाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को जहां लोन के लिए चक्कर लगाते-लगाते परेशान फड़ विक्रेताओं ने जमकर हंगामा किया था। वहीं, गुरुवार को शिविर में कर्मचारियों के समय पर न पहुंचने पर फड़ दुकानदार भड़क उठे। उन्होंने नगर आयुक्त के समक्ष इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताई।

शिकायत के बाद नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को कैंप में तत्काल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद कैंप में पहुंचे कर्मचारियों ने दुकानदारों के पंजीकरण आदि प्रक्रिया शुरू कराई। फड़ दुकानदारों को दस हजार रुपये का लोन दिलाकर उन्हें आर्थिक मदद देने के लिए संचालित स्वनिधि योजना में कई लोगों के पंजीकरण नहीं हो सके हैं।

इसलिए नगर निगम प्रशासन शिविर लगा रहा है। ये शिविर नगर निगम परिसर में भी लगाया जा रहा है लेकिन यहां बदइंतजामी हावी होने से फड़ दुकानदारों को परेशान होना पड़ रहा है। गुरुवार को नगर निगम में बड़ी संख्या में फड़ दुकानदार पंजीकरण कराने पहुंचे थे लेकिन कर्मचारियों के न होने पर भड़क गए।

उनका कहना था कि उन्हें इस योजना का लाभ देने के लिए काफी परेशान किया जा रहा है। कई चक्कर काटने के बाद भी लोन तो दूर पंजीकरण तक नहीं हो पा रहा है। इससे उनका समय व पैसा दोनों ही बर्बाद हो रहा है। कैंप में कर्मचारियों के न पहुंचने से नाराज दुकानदार फड़ एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद से मिले और दिक्कत बताई।

नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह से कर्मचारियों के न पहुंचने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की ड्यूटी फिल्ड पर लगने से वे कैंप में नहीं पहुंच सके हैं। नगर आयुक्त के निर्देश के बाद दो कर्मचारियों को कैंप में भेजा गया। इसके बाद फड़ विक्रेताओं के पंजीकरण आदि की औपचारिकता पूरी हो सकी।

बैंकों में लगाए गए डूडा-नगर निगम के कर्मचारी
नगर आयुक्त ने बैंकों के साथ समन्वय बनाने के लिए नगर निगम के साथ डूडा के 12 कर्मचारियों की ड्यूटी भी विभिन्न बैंकों में लगा दी है ताकि किसी दुकानदार को बैंक में अगर किसी तरह की परेशानी हो रही है तो उसकी फौरी मदद की जा सके।

स्वनिधि योजना के तहत आयोजित शिविर में सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को कुछ फड़ दुकानदारों की शिकायत के बाद कर्मचारियों को फौरन ड्यूटी पर भेज दिया गया था।
-अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार