बरेली से मुंबई को सप्ताह में चार और बंगलुरु के लिए तीन उड़ानें
अमृत विचार, बरेली। हवाई सेवा के जरिए बरेली से देश के तीन बड़े शहरों जुड़ने जा रहे हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की अपार संभावनाएं खुलेंगी। इसके साथ पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा। एयर इंडिया की कंपनी एलाइंस एयर 8 मार्च से बरेली-दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू कर रहा है। एलाइंस एयर …
अमृत विचार, बरेली। हवाई सेवा के जरिए बरेली से देश के तीन बड़े शहरों जुड़ने जा रहे हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की अपार संभावनाएं खुलेंगी। इसके साथ पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा। एयर इंडिया की कंपनी एलाइंस एयर 8 मार्च से बरेली-दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू कर रहा है।
एलाइंस एयर और बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी इसकी तैयारियां करने में जुटा है। इसी बीच गुरुवार को किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी इंडिगो ने नई दिल्ली में बरेली से मुंबई और बंगलुरु के लिए उड़ान शुरू करने का नया शेड्यूल जारी कर दिया। इंडिगो कंपनी ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि मुंबई-बरेली मार्ग पर सप्ताह में चार उड़ानें और बंगलुरु-बरेली मार्ग पर सप्ताह में तीन उड़ानें रहेंगी।
29 अप्रैल से उड़ान शुरू करने के जारी शेड्यूल में मुंबई के लिए दोपहर में विमान के उड़ने का शेड्यूल दिया है। 1 मई को बंगलुरु के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। इंडिगो ने बताया है कि लखनऊ, गोरखपुर, इलाहाबाद, वाराणसी और आगरा के बाद उत्तर प्रदेश में एयरलाइन के लिए बरेली छठा स्टेशन होगा। उत्तर प्रदेश में आठवां सबसे बड़ा शहर होने के नाते बरेली भी भारत के सबसे तेजी से बढ़ते शहरों में से एक है। बरेली भारत का 67 वां शहर होगा, जिसे इंडिगो की उड़ानों से जोड़ा जा रहा है।
मुंबई और बंगलुरु की टिकट बुकिंग का इंतजार
इंडिगो के मुंबई और बंगलुरु की उड़ान का शेड्यूल जारी करने के बाद लोग अब टिकट बुकिंग का इंतजार कर रहे हैं। इंडिगो को एयरफोर्स की अनुमति का इंतजार है। एयरफोर्स से अनुमति लेने के लिए आवेदन कर दिया है। एयरफोर्स का ग्रीन सिग्नल मिलते ही इंडिगो ऑनलाइन टिकट की बुकिंग शुरू कर देगा। इंडिगो ने मुंबई की 29 अप्रैल से और बंगलुरु की 1 मई से फ्लाइट शुरू कराने का शेड्यूल एयरफोर्स को भेजा है।
फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने बरेली आ रहे मुख्यमंत्री
एयरपोर्ट से 8 मार्च को उड़ान शुरू हो जाएगी। एलाइंस एयर का एटीआर-72 पहली फ्लाइट दिल्ली से लेकर एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए फ्लाइट जाएगी। फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। प्रशासन भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी से तैयारी करने में जुट गया है।
प्रशासन मुख्यमंत्री के आने की बात 95 प्रतिशत तक सही बता रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री महज 30 से 40 मिनट रुकेंगे। लखनऊ में महिला दिवस पर महिलाओं को सम्मानित करने का बड़ा कार्यक्रम है। इधर, गुरुवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने उड्डयन निदेशक से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री के बरेली आने के कार्यक्रम पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार तक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुनिश्चित हो पाएगा।
