मुरादाबाद: एमएसपी पर एक अप्रैल से खरीदी जायेगी गेहूं
मुरादाबाद,अमृत विचार। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेंहू की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो जायेगी। इसे लेकर खरीद केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर गेंहू बेचने के लिए किसानों को खाद्य विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जिले में अब तक 22 क्रय केंद्र चिह्नित किए गए …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेंहू की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो जायेगी। इसे लेकर खरीद केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर गेंहू बेचने के लिए किसानों को खाद्य विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
जिले में अब तक 22 क्रय केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इसमें पीसीएफ के छह, एसएफसी के 11, भारतीय खाद्य निगम के तीन और इसके अलावा अन्य मंडी समिति में केंद्र खोले जाने हैं। किसानों को गेहूं बेचने के लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट एफसीएस डाट काम यूपी डाट जीओवी डाट इन पर पंजीकरण कराना होगा। यह पंजीकरण किसी भी जनसुविधा केंद्र, साइबर कैफे या स्वयं खाद्य विभाग के पोर्टल पर करा सकते हैं।
इस बार ओटीपी आधारित पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। पंजीकरण के समय किसानों को अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज कराना होगा। एसएमएस के जरिए मिलने वाले ओटीपी को भरकर ही पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होगी। किसान पंजीकरण कराने के लिए बैंक पासबुक, आधार कार्ड और अपनी जमीन के कागजात लेकर कैफे पर पहुंचना होगा। किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 की व्यवस्था की गई है। हेल्पडेस्क खाद्य विभाग के कार्यालय में भी खोली जाएगी। 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीदारी होगी। किसानों को सही तरीके से अपना पंजीकरण कराना होगा, ताकि गेहूं की खरीद होने के बाद भुगतान लेने में किसी तरह की कोई दिक्कत न आए।
ऐसे कराएं पंजीकरण
– खतौनी में खाता संख्या पंजीयन में दर्ज कर अपने कुल रकबे और बोये गए गेहूं के रकबे को अंकित करें
– संयुक्त भूमि की दशा में अपनी हिस्सेदारी की सही घोषणा पंजीयन में दर्ज कराएं
– पंजीकरण के लिए वर्तमान मोबाइल नंबर ही अंकित कराएं
– इस वर्ष ओटीपी आधारित पंजीकरण की व्यवस्था है, ओटीपी भरने के बाद ही पंजीकरण पूरा होगा
– पंजीकरण कराते समय आधार संख्या, आधार कार्ड में अंकित अपना नाम आदि सही से भरें
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव राय ने बताया कि इस बार शासन ने वृद्ध लोगों को राहत दी है। अगर कोई वृद्ध क्रय केंद्र पर आने पर सक्षम नहीं है तो वह अपने किसी रक्त संबंधी को केंद्र पर गेंहू की बिक्री कर सकता है। इसके लिए उसे पंजीकरण के दौरान संबंधी का आधार नबंर आदि अंकित करना होगा। वहीं केंद्र संख्या अभी और बढ़ाई जानी है।
