बरेली: 15 दिन में 400 तो 4 दिन में 600 मीटर कैसे पड़ेगी सीवर लाइन
अमृत विचार, बरेली। सीवर लाइन की खुदाई से परेशान लोगों को राहत देने के लिए सभी कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर दी गई है लेकिन जिस गति से काम चल रहा है, उससे तो नहीं लग रहा है कि निर्धारित समय में काम पूरा हो सकेगा। बियावानी कोठी से इसाईयों की पुलिया तक 10 …
अमृत विचार, बरेली। सीवर लाइन की खुदाई से परेशान लोगों को राहत देने के लिए सभी कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर दी गई है लेकिन जिस गति से काम चल रहा है, उससे तो नहीं लग रहा है कि निर्धारित समय में काम पूरा हो सकेगा। बियावानी कोठी से इसाईयों की पुलिया तक 10 मार्च तक सीवर लाइन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गये हैं, जबकि 21 फरवरी से 15 दिनों में सिर्फ 400 मीटर तक ही काम पूरा हो पाया है। अब 4 दिनों में करीब 600 मीटर का काम पूरा होना आसान नहीं दिख रहा है।
इसी तरह से चौकी चौराहा से आयकर विभाग तक यातायात शुरू करने का समय 6 मार्च निर्धारित किया गया है। शनिवार को इस सड़क पर पत्थर डालने के बाद सड़क बराबर करने का काम चल रहा था। गांधी उद्यान से बियावानी कोठी तक खुदाई का काम पूरा करने के लिए 10 मार्च तक समय दिया गया है, जबकि यहां खुदाई का काम पहले ही पूरा हो चुका है। पत्थर डालने के लिए 25 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया है और 25 अप्रैल तक ही सड़क बनकर पूरी हो सकेगी।
आयकर विभाग से गांधी उद्यान तक खुदाई के लिए 12 मार्च का समय निर्धारित है। गांधी उद्यान के सामने तक खुदाई का काम पहले ही पूरा हो चुका है, सिर्फ मुख्य चौराहा पर खुदाई का काम बचा है। बरेली कॉलेज से पटेल चौक तक नगर निगम के सामने खुदाई का काम काफी समय पहले ही पूरा हो चुका है। इसके बावजूद यहां पर 15 मार्च तक पत्थर डालने का समय दिया गया है। इसी रोड पर 31 मार्च तक हॉटमिक्स रोड डाली जाएगी।
पटेल चौक से चौपुला चौराहा तक सीवर लाइन की खुदाई काफी समय पहले हो चुकी है। पत्थर भी डाल दिए गए हैं। सड़क पर अवैध पार्किंग से कब्जा हो रहा है। अब देखना है कि 20 मार्च तक इस पर सड़क बनकर तैयार होगी या नहीं। इसी तरह से अन्य जगहों की भी समय सीमा तो निर्धारित की गई है लेकिन काम पूरा होने के बाद कब तक लोगों को राहत मिलेगी, इस बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते।
