22 घंटे में रामपुर डिस्टलरी में लगी आग पर पाया काबू
रामपुर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर रेडिको खेतान के एल्कोहल टैंक में लगी आग पर करीब 22 घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित रेडिको खेतान में शनिवार सुबह 8:30 …
रामपुर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर रेडिको खेतान के एल्कोहल टैंक में लगी आग पर करीब 22 घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित रेडिको खेतान में शनिवार सुबह 8:30 पर ऐल्कोहल टैंक में आग लगने के बाद वह धमाके के साथ फट गया जिससे लोग दहशत में आ गए। भीषण आग को बुझाने के लिए मुरादाबाद और बरेली जनपद से दमकल मंगाई गईं हैं।
डिस्टलरी में भीषण आग लगने से 9 मजदूर झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आग लगने की जानकारी मिलने के बाद फैक्टरी प्रबंधन में हड़कंप मच गया था। तुरंत आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए लेकिन, आग की लपटें तेज होने के कारण आग बुझाना मुश्किल हो रहा था। हालात बेकाबू होते देख फैक्ट्री प्रबंधन ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
लेकिन, आग पर काबू नहीं पाया जा सका इसके बाद दमकल अधिकारियों ने मुरादाबाद और बरेली फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मुरादाबाद और बरेली से फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई थी। पानी की बौछारें करने पर आग भड़कने पर दमकल कर्मचारियों ने फोम कैमिकल से आग को बुझाना शुरु कर दिया था। डिस्टलरी में लगी भीषण आग पर करीब 22 घंटे के बाद रविवार की सुबह करीब 6 बजे काबू पाया जा सका।
डायरेक्टर आपरेशन रेडिको खेतान केपी सिंह ने बताया कि समय रहते काबू पा लिया गया। आग से आठ लोग मामूली रूप से झुलसे हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया जबकि, एक व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है। अग्नि शमन प्रभारी विजय चौहान ने बताया कि रविवार की सुबह 6 बजे डिस्टलरी के एल्कोहल टैंक में लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
