बरेली: पहले होटल में रखी शराब फिर युवक को किया गिरफ्तार
बरेली,अमृत विचार। राई का पहाड़ बनाने वाली पुलिस को जिले की आबकारी टीम ने कहीं पीछे छोड़ दिया है। होटल में चेकिंग के दौरान शराब नहीं मिली तो आबकारी अफसरों और सिपाहियों ने अपनी कार से शराब के क्वार्टर निकालकर होटल में रख दिए और एक को गिरफ्तार कर लिया लेकिन आबकारी की टीम यह …
बरेली,अमृत विचार। राई का पहाड़ बनाने वाली पुलिस को जिले की आबकारी टीम ने कहीं पीछे छोड़ दिया है। होटल में चेकिंग के दौरान शराब नहीं मिली तो आबकारी अफसरों और सिपाहियों ने अपनी कार से शराब के क्वार्टर निकालकर होटल में रख दिए और एक को गिरफ्तार कर लिया लेकिन आबकारी की टीम यह भूल गई कि वहां पर सीसीटीवी लगा था। सीसीटीवी में कैद हुई फुटेज में सच सामने आ गया।
शनिवार दोपहर आबकारी की टीम बड़ा बाईपास स्थित फौजी ढ़ाबे पर दबिश देने पहुंची थी। एक सफेद कार और पुलिस की जीप में 7-8 लोग वहां पहुंचे। होटल में पहुंचने के बाद वहां तलाशी ली गई लेकिन वहां पर शराब नहीं मिली। इसके बाद आबकारी टीम का एक कर्मचारी होटल से बाहर आया और अपनी सफेद कार में रखे क्वार्टर अपने हाथों में उठाकर होटल की तरफ भागा। इसके बाद उसने होटल में शराब के क्वार्टर रख दिए। इसके बाद आबकारी की टीम के साथ मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी वहां का वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने मौके से 5-6 क्वार्टर बरामद किए और अर्जुन नाम के युवक को शराब बेचने के नाम पर गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज करा दी। यह सारी घटना होटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
हाथ में क्वार्टर लेकर जा रहा कर्मचारी
सीसीटीवी फुटेज में कार से क्वार्टर निकालकर एक कर्मचारी होटल के अंदर जाता दिख रहा है। इसके बाद वह अंदर पहुंचकर काउंटर पर जाता है। फिर चेकिंग शुरू हो जाती है। इसी बीच वहां से जब एक युवक बाहर निकलने की कोशिश करता है तो उसे आबकारी टीम के साथ गई पुलिस रोक लेती है और वीडियो बनाना शुरू कर देती है।
आधे घंटे तक चली चेकिंग
होटल में आधे घंटे तक आबकारी टीम ने चेकिंग की। टीम के लोग लगभग 2 बजे होटल में घुसे और 2:30 बजे वहां से चले गए। आधे घंटे में उन्होंने होटल के स्टाफ को जमकर हड़काया। साथ ही सबको जेल भेजने की धमकी भी दी।
“सीसीटीवी फुटेज के हिसाब से मामला संदिग्ध लग रहा है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही दोष पाए जाने पर आरोपी टीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
