लखीमपुर खीरी: नामांकन के दौरान भाजपा के दो गुट भिड़े, फायरिंग में दो घायल
सम्पूर्णानगर-खीरी, अमृत विचार। पीलीभीत उपनिवेशन संघ के अध्यक्ष पद पर नामांकन के लिए कस्बा स्थित एक पेट्रोल पंप पर नामांकन के दौरान भाजपा के दो गुट आपस में भिड़ गए और जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई। जिसमें गोली लगने से दो युवक घायल हो गए। मंगलवार को अध्यक्ष पद के …
सम्पूर्णानगर-खीरी, अमृत विचार। पीलीभीत उपनिवेशन संघ के अध्यक्ष पद पर नामांकन के लिए कस्बा स्थित एक पेट्रोल पंप पर नामांकन के दौरान भाजपा के दो गुट आपस में भिड़ गए और जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई। जिसमें गोली लगने से दो युवक घायल हो गए।
मंगलवार को अध्यक्ष पद के नामांकन के समय चुनाव अधिकारी तहसीलदार पलिया आशीष कुमार सिंह की मौजूदगी में कस्बे मे उपनिवेसन सहकारी लि0 संघ के प्रेट्रोल पंप पर नामाकंन प्रक्रिया शुरु हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, मोहम्मदी विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी के अलावा भारी समर्थकों में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उपाध्यक्ष पद के लिये हजारा के कबीरगंज निवासी परमेंद्र सिंह ने पर्चा लिया।
दूसरा पर्चा अध्यक्ष पद के लिये भाजपा नेता धीरेंद्र कुमार शुक्ला उर्फ धीरू निवासी परसपुर थाना संपूर्णानगर ने लिया। जिस पर खीरी के भाजपा के जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा ने आपत्ति जताई कि धीरेंद्र शुक्ला पर्चा न लें, क्योंकि अध्यक्ष पद पर वो दावेदारी करने वाले हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
धीरे-धीरे विवाद हाथापाई में तब्दील हो गया। जिसमें खुद भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह भी घिरते नजर आये। मामला बढ़ा तो भाजपा जिलाध्यक्ष के समर्थकों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां पर भगदड़ मच गई। आरोपी कमरे का शीशा तोड़कर बाहर निकलते हुए कई राउंड फायरिंग करते हुए गाड़ियों से भाग गए। लोगों को इसकी जानकारी हुई तो भाजपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी रोक ली गई। वहीं, पुलिस सत्तापक्ष के आगे नतमस्तक बनी रही।
मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ का कहना है कि बाहर से आकर भाजपा समर्थकों ने गोली चलाई और खीरी पीलीभीत संघ की संपत्ति को हड़पने के उद्देश्य से लखीमपुर से आकर इस चुनाव को इतना बड़ा बनाया गया। दोनों ही गुट भाजपा के थे।
एसडीएम अमरेश कुमार व चुनाव अधिकारी तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने हिंसा के दौरान चुनाव रद्द करा दिया। जबकि, आवेदक पर्चा लिए घूमते नजर आए। घटना के बाद भारी पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। वहीं घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
“नामांकन के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने हमला किया है। जिसमे हमारे कई विधायक व मैं खुद बाल-बाल बचा। हमारे प्रत्याशी उमाशंकर मिश्र हैं। उनको भी मारने की कोशिश की गई। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।” -सुनील सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष
