बरेली: तस्वीर का विरोध, नाथनगरी एयरपोर्ट की मांग ने पकड़ा जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने के बाद यूपी भाजपा के टि्वटर हैंडल पर शेयर की गई तस्वीर में नाथनगरी का जिक्र न करके दरगाह आला हजरत का चित्र बनाए जाने का जहां लोगों ने विरोध किया है। वहीं, लोगों ने बरेली एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी रखे जाने की मांग भी जोर-शोर …

अमृत विचार, बरेली। बरेली एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने के बाद यूपी भाजपा के टि्वटर हैंडल पर शेयर की गई तस्वीर में नाथनगरी का जिक्र न करके दरगाह आला हजरत का चित्र बनाए जाने का जहां लोगों ने विरोध किया है। वहीं, लोगों ने बरेली एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी रखे जाने की मांग भी जोर-शोर से उठानी शुरू कर दी है।

टि्वटर हैंडल पर शेयर तस्वीर को लेकर लोगों ने तीखे कमेंट्स किए हैं। तस्वीर को लेकर भाजपा के पदाधिकारियों ने भी विरोध दर्ज कराया है। तस्वीर का जिक्र कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी रखे जाने की मांग का समर्थन किया। कहा, 10 मार्च, 2019 में जब छोटे टर्मिनल का उद्घाटन हुआ, तब नाथनगरी का नाम जोर-शोर से उछला था। उसी मांग को आगे बढ़ाते हुए भाजपा पदाधिकारियों ने भी एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी रखवाने के लिए मुहिम चलाने की बात कही है।

बता दें कि छोटे टर्मिनल का उद्घाटन 10 मार्च, 2019 को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने किया था। तब केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी रखे जाने की सिफारिश की। इसका प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया था। इस बीच, 8 मार्च को एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने से पहले भी नाथनगरी एयरपोर्ट नाम रखे जाने केा मामला उछला था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बरेली एयरपोर्ट के नामकरण का प्रस्ताव भी विधानसभा सत्र के पटल पर रखा जाएगा। सदन से ही मंजूरी मिलेगी। जिस तरह से अयोध्या के एयरपोर्ट का नाम श्रीराम के नाम पर रखा गया है। ठीक उसी तरह बरेली एयरपोर्ट का भी नामकरण होगा।

मुझे ध्यान है कि राज्य सरकार ने दो वर्ष पहले बरेली एयरपोर्ट का नाम नाथ नगरी एयरपोर्ट करते हुए शासनादेश जारी किया था। उस शासनादेश पर अब कितना अमल हो रहा है। इसके बारे में जानकारी करूंगा। बरेली एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी एयरपोर्ट कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। मैं सोमवार को दिल्ली जा रहा हूं। एयरपोर्ट के नामकरण की फाइल को लेकर अधिकारियों से बात करूंगा। -संतोष गंगवार, केंद्रीय मंत्री भारत सरकार

एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी ही रखवाएंगे। कोई और नाम नहीं रखा जाएगा। यूपी भाजपा के टिवटर हैंडल पर शेयर तस्वीर में दरगाह आला हजरत के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी रखवाने के लिए शीर्ष पदाधिकारियों से भी बात की जाएगी। -पवन शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा

बरेली एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी ही रखा जाएगा। इसके लिए भाजपा महानगर कमेटी मुहिम चलाएगी। इसके लिए कहीं भी पैरवी करनी पड़ेगी। वहां जाकर पैरवी करेंगे। हर कीमत पर नाथनगरी एयरपोर्ट ही नाम रखवाएंगे। यूपी भाजपा के टिवटर हैंडल पर शेयर तस्वीर के बारे में जानकारी नहीं है, उसमें क्या अंकित है। जल्द एयरपोर्ट नाथनगरी के नाम से जाना जाएगा। -डा.केएम अरोड़ा, अध्यक्ष महानगर, भाजपा

एयरपोर्ट का नाम नाथनगरी ही रखा जाए, इसके लिए लंबे समय से प्रयासरत हैं। नाथनगरी रखे जाने के लिए आज या कल केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। ज्ञापन तैयार करा लिया है। पहले भी नाथनगरी नाम रखे जाने को लेकर उच्च स्तर से पहल हुई थी। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय मंत्री के बाद प्रभारी मंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री से भी मुकाकात की जाएगी। -पवन अरोड़ा, विभाग अध्यक्ष बरेली-बदायूं विश्व हिंदू परिषद

सेक्युलर सरकार हिन्दू-मुस्लिम नहीं करती
धीरेंद्र वीर सिंह ‘धीरू’ ने अपनी फेसबुक वॉल पर यूपी भाजपा द्वारा जारी की गई तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि बरेली के हवाई अड्डा, जिसके नामकरण की घोषणा मुख्यमंत्री ने नाथनगरी के नाम पर की। वह अभी केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत न होने पर बरेली हवाई अड्डा ही है। इसके उद्घाटन पर सेक्युलर पार्टी ने बरेली के प्रतीक के रूप में दरगाह आला हजरत को माना है, जैसे दिल्ली की पहचान इंडिया गेट से है। यह भी लिखा है कि यह पोस्ट सिर्फ उन तथाकथित सनातनियों के ठेकेदारों के लिये है, जो हिन्दुओं में भ्रांति पैदा करते हैं। सेक्युलर देश में सेक्युलर सरकार हिन्दू-मुस्लिम नहीं करती। बाकी जो है सो है…।

संबंधित समाचार