बरेली: अधूरे निर्माण कार्य पूरे कराएं जिलाधिकारी- मंडलायुक्त
अमृत विचार, बरेली। जनपदों में अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने में जिलाधिकारी सक्रिय सहयोग करें। चिकित्सा केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता में कुछ सुधार हुआ है लेकिन अभी काफी सुधार की जरूरत है। यह निर्देश मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडल के सभी जिलाधिकारियों को दिए। बैठक में …
अमृत विचार, बरेली। जनपदों में अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने में जिलाधिकारी सक्रिय सहयोग करें। चिकित्सा केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता में कुछ सुधार हुआ है लेकिन अभी काफी सुधार की जरूरत है। यह निर्देश मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडल के सभी जिलाधिकारियों को दिए। बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि कोविड-19 के वैक्सीनेशन का प्रक्रिया का शासन के निर्देशों के अनुसार परसन कर इसका अनुश्रवण सभी जिलाधिकारी नियमित रूप से स्वयं करते रहें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बरेली तथा पीलीभीत जिले में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनने की स्थिति को संतोषजनक बताया। साथ ही शाहजहांपुर, पीलीभीत व बदायूं के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह सभी अस्पतालों तथा सीएचसी व पीएचसी सेंटरों का निरीक्षण करें और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थलीय समीक्षा करें।
मंडलायुक्त ने कहा कि जनपद बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत तथा बदायूं के चिकित्सा केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता में कुछ सुधार हुआ है लेकिन शेष जनपदों में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने अपने जिले में मानीटरिंग कराएं तथा सुधार कराएं। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि नहरों में सफाई के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी अपने अपने जिलों के गौ आश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट मुख्यालय जल्द से जल्द उपलब्ध करा दें।
उन्होंने कहा कि बरेली जनपद में पशुओं का टीकाकरण तथा जियो टैगिंग में थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन इसमें अभी और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने बदायूं जिले में ऑपरेशन कायाकल्प की कार्य में तेजी लाने को कहा। मंडलायुक्त ने ईओ डूडा को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत जनपद पीलीभीत में पात्रों को आवास उपलब्ध कराने के मामले में जिलाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करें।
मंडलायुक्त ने गन्ना विभाग को निर्देश दिए कि बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत तथा बदायूं में किसानों का बकाया गन्ना भुगतान तुरन्त कराया जाए। उन्होंने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पर आ रही शिकायतों का निस्तारण समयानुसार करते रहें। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, जिलाधिकारी बदायूं दीपा रंजन, जिलाधिकारी पीलीभीत पुलकित खरे, जिलाधिकारी शाहजहांपुर इंद्र विक्रम सिंह व मुख्य विकास अधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
