बरेली: नौकरी का झांसा देकर मांगे चार लाख, नहीं दिए तो जलाया, काटने पड़े हाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बिशारतगंज (बरेली)। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर जीटीआई कर चुके छात्र को कथित प्रोफेसर और उसके साथी ने अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद आरोपी उसे लखनऊ ले गए। चार दिन अपने साथ रखने के बाद आरोपियों ने चार लाख रुपये मांगे। रुपये न मिलने पर छात्र को जिंदा जलाने का …

अमृत विचार, बिशारतगंज (बरेली)। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर जीटीआई कर चुके छात्र को कथित प्रोफेसर और उसके साथी ने अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद आरोपी उसे लखनऊ ले गए। चार दिन अपने साथ रखने के बाद आरोपियों ने चार लाख रुपये मांगे। रुपये न मिलने पर छात्र को जिंदा जलाने का प्रयास किया। छात्र को आग के हवाले कर आरोपी भाग गए थे। घटना में छात्र की जान तो बच गई लेकिन आग से उसके दोनों हाथ बुरी तरह जल गए। डाक्टरों को ऑपरेशन कर दोनों हाथ काटने पड़े। पीड़ित परिवार ने बिशारतगंज थाने में शिकायत की है।

पीड़ित योगेश।

कुंडरिया खुर्द के कल्लूराम ने बताया कि उसके बेटे योगेश ने फरीदपुर स्थित एक कॉलेज से जीटीआई का कोर्स किया था। वह नौकरी तलाश रहा था। 31 जनवरी को उसके साथ पढ़ने वाला एक छात्र एवं कॉलेज के दो कथित प्रोफेसरों ने सरकारी नौकरी लगवाने की बात कहकर योगेश को झांसे में ले लिया। वह बेटे को लखनऊ के गोमती नगर में ले गए। यहां वह छात्र के साथ चार दिन रहे। इसके बाद आरोपी बेटे से चार लाख रुपये मांगने लगे। योगेश ने रुपये देने से मना कर दिया।

आरोप है कि रुपये नहीं मिलने पर गुस्साए आरोपियों ने बेटे को जिंदा जलाकर जान से मारने की कोशिश की। योगेश ने भागने का प्रयास किया। इसी बीच वह बेहोश हो गया। जब बेटे को होश आया तो वह लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती था। पुलिस से सूचना मिलने पर योगेश के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों को उपचार के दौरान योगेश के दोनों हाथ काटने पड़े। पीड़ित की हालत गंभीर बनी है। पीड़ित परिवार ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। हालांकि, शनिवार की देर शाम तक पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।

इस मामले की जानकारी मुझे नहीं है। अगर किसी ने नौकरी का झांसा देकर यह अपराध किया है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी, बरेली

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज