मुरादाबाद: पतंजलि ब्रांड के दूध का नमूना फेल, मसालों में भी मिलावट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। पतंजलि ब्रांड का दूध और कई प्रकार के मसाले मिलावटी (अधोमानक) पाए गए हैं। छापामारी के दौरान विभाग ने इन खाद्य पदार्थों के नमूने भरे थे। उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज गया था। इनके अधोमानक मिलने के बाद विभाग जिम्मेदारों के खिलाफ न्यायिक दंड दिलाने की प्रक्रिया में जुट गया है, …

मुरादाबाद,अमृत विचार। पतंजलि ब्रांड का दूध और कई प्रकार के मसाले मिलावटी (अधोमानक) पाए गए हैं। छापामारी के दौरान विभाग ने इन खाद्य पदार्थों के नमूने भरे थे। उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज गया था। इनके अधोमानक मिलने के बाद विभाग जिम्मेदारों के खिलाफ न्यायिक दंड दिलाने की प्रक्रिया में जुट गया है, जिससे कारोबारियों में खलबली मची है। उधर, हरदोई जिले में भी पतंजलि ब्रांड की शहद के नमूने भी फेल हुए थे। विभाग ने इस कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी।

जनवरी माह में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर के एमडीए कालोनी स्थित साई मंदिर के निकट स्थित बालाजी जनरल स्टोर से दूध का नमूना लिया था। यहां पतंजलि ब्रांड के दूध की बिक्री हो रही थी, जबकि डबल फाटक, गंज बाजार तथा शहर से सटे ताजपुर माफी स्थित परचून की दुकान से खाद्य मसाला का नमूना लिया गया था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में दूध सहित विविध ब्रांड के खाद्य मसाले मिलावटी पाए गए हैं।

रिपोर्ट में पतंजलि के दूध की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। रिपोर्ट बताती है कि दूध में फैट की मात्रा 13 प्रतिशत मानक से कम मिली है, जबकि मसालों के रंग खराब और मिलवटी पुष्ट हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद निर्माता और विक्रेताओं के हाथ-पांव फूल गए हैं। उधर, विभाग की ओर से पतंजलि दूध के निर्माता को नोटिस भेजने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। बालाजी जनरल स्टोर के प्रोप्राइटर महेंद्र सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा।

मसाला विक्रेताओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं। निर्माता और विक्रेताओं के जवाब के एक माह तक इंतजार के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू होगी। उधर, हरदोई प्रशासन की ओर से शहद का नमूना मेरठ की लैब भेजा गया था। जिसमें पतंजलि के शहद समेत पांच नमूने मानक के विपरीत पाए गए थे। रिपोर्ट में पतंजलि के शहद का नमूना फेल होने के बाद पतंजलि हनी के करोड़ों ग्राहकों को इस खबर से झटका लगा है।

अभिहीत अधिकारी (औषधि प्रशासन) बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि  शहर के एमडीए कालोनी स्थित साई मंदिर के नजदीक स्थित बालाजी जनरल स्टोर से पतंजलि ब्रांड के दूध का नमूना लिया गया था, जो अधोमानक मिला है। तीन स्थानों से खाद्य पदार्थ का नमूना भी लिया गया था। डबल फाटक, गंजबाजार और ताजपुर माफी की दुकानों के मसालों के नमूनों में भी मिलावट की पुष्टि हुई है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर ऐसे लोगों के खिलाफ नगर मजिस्ट्रेट और अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

संबंधित समाचार