मुरादाबाद: सड़क हादसे में स्कूटी सवार छात्रा की मौत, दो की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा क्षेत्र में हाईवे पर हुए हादसे में स्कूटी सवार छात्रा की मौत हो गई। वह अपने दो साथियों के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर स्कूटी से लौट रही थी। उन दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। मंगलवार को पोस्टमार्टम …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा क्षेत्र में हाईवे पर हुए हादसे में स्कूटी सवार छात्रा की मौत हो गई। वह अपने दो साथियों के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर स्कूटी से लौट रही थी। उन दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

हादसा सोमवार को देर रात करीब डेढ़ बजे जीरो प्वाइंट के पास हाईवे पर बने कट पर हुआ। बताते हैं कि सोमवार को जबरदस्त सहालग होने के कारण हाईवे किनारे के अधिकतर मैरिज हाल में शादी के कार्यक्रम थे। पाकबड़ा में भी एक फार्म हाउस में भी वैवाहिक कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए ग्राम मंगूपुरा निवासी हरीओम की बेटी नंदिनी (13) भी शामिल होने आई थी। वह कक्षा सात की छात्रा थी।

उसके साथ गांव के रामऔतार का बेटा आकाश (15) व ग्राम गुरेरा निवासी वेगराम की बेटी नीशू (13) भी थे। देर रात तीनों एक ही स्कूटी से मंगूपुरा गांव जा रहे थे। बताते हैं कि कट के पास जैसे ही उन्होंने स्कूटी मोड़ने का प्रयास किया तभी अचानक अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। नंदिनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

नहीं आई एंबुलेंस तो युवकों ने कराया भर्ती
मुरादाबाद। इस हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। हादसे में नंदिनी ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया था, वहीं आकाश गंभीर हालत में था। राहगीरों से सूचना मिलने पर लैपर्ड मौके पर पहुंच गई। बताते हैं कि लोगों के साथ ही पुलिस ने भी कई बार एंबुलेंस को फोन किया। लेकिन, चालक कभी कटघर तो कभी मझोला क्षेत्र में होने की बात कहता रहा। इस बीच राहगीरों ने आकाश की सांस चलती देखी तो वह पुलिस से जल्द से जल्द दोनों को अस्पताल मे भर्ती कराने की बात कहने लगे। लेकिन, पुलिसकर्मी एंबुलेंस आने का हवाला देते रहे। इस बीच कार सवार दो युवक आए और उन्होंने मानवता दिखाते हुए तत्काल घायल आकाश व नीशू को टीएमयू में भर्ती कराया। आकाश की हालत गंभीर देखते हुए उसे वहां से रेफर कर दिया गया।

संबंधित समाचार