बरेली: गेहूं किसानों की समस्याएं दूर करेंगे कंट्रोल रूम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होने वाली है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार शासन के निर्देश पर किसानों की समस्याएं दूर करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित होगा। खरीद शुरू होने से पहले कंट्रोल रूम के ट्रोल फ्री नंबर जारी कर दिए जाएंगे जिन पर कॉल कर अपनी समस्या …

अमृत विचार, बरेली। 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होने वाली है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार शासन के निर्देश पर किसानों की समस्याएं दूर करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित होगा। खरीद शुरू होने से पहले कंट्रोल रूम के ट्रोल फ्री नंबर जारी कर दिए जाएंगे जिन पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकेंगे।

सरकारी गेहूं खरीद योजना के तहत जिले में अब तक छह एजेंसियों के 37 क्रय केंद्रों का निर्धारण किया जा चुका है। खरीद के संबंध में शासन ने विपणन विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। पहली बार केंद्रों पर ई-पॉश मशीन के जरिये गेहूं की खरीद होगी। इसको लेकर पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं।

निर्देश दिए गए हैं कि क्रय एजेंसियां किसानों से बकाया वसूली को लेकर कोई भी शर्त नहीं लगाएंगी। मंडी में बिक्री के समय किसान पर्ची/विक्रेता वाउचर सिक्स आर की प्रति किसान को दी जाएगी। आरएमओ राममूर्ति वर्मा ने बताया कि गेहूं खरीद बिचौलियो की पहुंच से दूर रखने के लिए किसानों को जागरूक किया जाएगा।

इसके लिए अभी से प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया गया है। कंट्रोल रूम स्थापित करने की जानकारी भी केंद्रों के बाहर लगे बैनर पर होगी। गेहूं संबंधी समस्या के बाबत किसान टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। जिला स्तरीय अधिकारियों के नंबर पर भी कॉल कर सकेंगे।

निस्तारण का देना होगा फीडबैक
कंट्रोल रूम में पहुंचने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए यहां दो कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। शिकायत मिलने पर कर्मचारी संबंधित ब्लॉक के अधिकारी को अवगत कराएंगे। यदि कोई गंभीर मामला होता है तो डिप्टी आरएमओ को भी प्रकरण की जानकारी दी जाएगी। निस्तारण के बाद आरएमओ को सूचना देनी होगी ताकि उनके स्तर से भी किसानों से फीडबैक लिया जा सके।

क्रय केंद्रों पर की जाएगी सेनेटाइजेशन की व्यवस्था
शासन ने क्रय केंद्रों में सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। हाथ धोने के लिए इन केंद्रों पर साबुन के साथ सेनेटाइजर भी उपलब्ध रहेगा। संक्रमण से बचाव के लिए दो गज दूरी का पालन कराया जाएगा। भीड़ न होने देने के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएंगे।

संबंधित समाचार