हल्द्वानी: मुक्तेश्वर के जंगल में धधकी आग, पानी न खाेले जाने से लोग नाराज
हल्द्वानी, अमृत विचार। रामगढ़ ब्लॉक के दाड़िम गांव के जंगल में भड़की आग देर रात मुक्तेश्वर बाजार और ग्रास बाजार क्षेत्र से सटे आवासीय मकान और होटलों तक पहुंची तो लोगों की सांसे अटक गयीं। लोगों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया ही था कि एक बार फिर आग ने विकराल रूप धारण कर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रामगढ़ ब्लॉक के दाड़िम गांव के जंगल में भड़की आग देर रात मुक्तेश्वर बाजार और ग्रास बाजार क्षेत्र से सटे आवासीय मकान और होटलों तक पहुंची तो लोगों की सांसे अटक गयीं। लोगों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया ही था कि एक बार फिर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे लोगों के घरों में धुंआ घुसने से उनका दम घुटने लगा।
आग पर काबू पाने के लिए क्षेत्रीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने भरसक प्रयास किया पर वे विफल रहे। लोगों ने घरों और हाेटलों में स्टोर किए गए पानी के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग और प्रबल हो चुकी थी। कोई सफलता न मिलती देख आखिरकार लोगों ने फायर बिग्रेड को फोन किया और रात साढे़ आठ बजे फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचने के बाद ही आग पर काफी मसक्कत के बाद काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग आसानी से कंट्रोल की जा सकता थी अगर शशबनी पेयजल योजना के अंतर्गत आने वाली पेयजल व्यवस्था से उन्हें पानी की आपूर्ति कर दी जाती। लेकिन संबंधित जेई और लाइन मैन को पानी खाेले जाने को लेकर कई बार फोन किया मगर किसी ने फोन उठाना जरुरी नहीं समझा। बहरहाल आग दोबारा न भड़के इसके लिए एहतियातन फायर बिग्रेड का एक वाहन मौके पर खड़ा किया गया है। आग के चलते पर्यटक स्थल मुक्तेश्वर एक दम बदरंग नजर आ रहा है, हवा में राख और दुर्गंध की वजह से लोगों को जीना मुहाल हुआ पड़ा है। हरे भरे जंंगल में भड़की आग ने वन संपदा को भी काफी नुकसान पहुंचाया है।
