मुरादाबाद: गर्भवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का आरोप, हंगामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। शुक्रवार को देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
घटना कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला भदौरा की नई बस्ती की है। बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र के मोहल्ला जोशियान निवासी उमेश कुमार दवा सप्लाई करने का काम करते हैं। करीब चार माह पहले उन्होंने इकलौती बेटी ज्योति रानी (22) का विवाह नई बस्ती निवासी गजेंद्र उर्फ आकाश के साथ किया था। मायके वालों के अनुसार विवाह के वक्त उन्होंने पर्याप्त दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुराली खुश नहीं थे। अब वह तीन माह की गर्भवती थी।
गुरुवार को देर रात उसने मां को फोन कर तबियत खराब होने की बात कही थी। साथ ही बताया था कि पति ने कोई दवा दी थी, जिसे खाने के बाद उसकी हालत खराब हो रही है। इस पर उसकी मां मंजू ने गजेंद्र से फोन पर बात की। मायके वालों के अनुसार शुक्रवार को तड़के वहां से फोन आया कि उसकी मौत हो गई है। इस पर परिजन रोते-बिलखते उसकी ससुराल पहुंच गए।
उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उसकी मां का कहना था कि फोन पर बात करने के बाद भी ससुरालियों ने ज्योति को किसी अच्छे डाक्टर को नहीं दिखाया, बल्कि घर में ही झोलाछाप से उपचार कराते रहे। एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
