रामपुर में बोलेरो और मैजिक की भिड़ंत, 5 लोगों की मौत
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार की सुबह बोलेरो व मैजिक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक साल की मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। मरने वाले चार लोग एक ही परिवार के थे। हादसे के बाद मौके पर …
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार की सुबह बोलेरो व मैजिक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक साल की मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। मरने वाले चार लोग एक ही परिवार के थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस अधीक्षक भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम पसियापुरा में सोमवार की सुबह करीब छह बजे हुआ। शाहजहांपुर जिले के अल्लागंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हल्लू निवासी धनपाल गाजियाबाद में सब्जी बेचते हैं। सोमवार की सुबह वह परिवार के साथ टाटा मैजिक से गाजियाबाद जा रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही वाहन पसियापुर पहुंचा, सामने से आ रही बोलेरो से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में धनपाल की पत्नी पूनम, सास मीना समेत राहुल व आशीष की मौके पर मौत हो गई, जबकि मासूम गुनगुन समेत करीब 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर तमाम भीड़ जुट गई। वाहनों में फंसे घायल बचाव के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के बाद घायलों को बाहर निकाला। कुछ देर में ही एसपी शगुन गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर मासूम गुनगुन ने भी दम तोड़ दिया। एसपी ने बताया कि धनपाल की तहरीर पर बोलेरो चालक अमरोहा के नौगंवा सादात निवासी वसीम के खिलाफ सिविल लाइंस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
