भावी पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण जरूरी, इसकी हर बूंद बेशकीमती: वेंकैया नायडू
नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने जल को जीवन के लिए महत्वपूर्ण और बहुमूल्य बताते हुए सोमवार को कहा कि लोगों को भावी पीढी के लिए इसका संरक्षण करना चाहिये। नायडू ने सदन की कार्यवाही शुरु होने के बाद कहा कि आज विश्व जल दिवस है जो जल संरक्षण को बढ़ावा देने …
नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने जल को जीवन के लिए महत्वपूर्ण और बहुमूल्य बताते हुए सोमवार को कहा कि लोगों को भावी पीढी के लिए इसका संरक्षण करना चाहिये। नायडू ने सदन की कार्यवाही शुरु होने के बाद कहा कि आज विश्व जल दिवस है जो जल संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त करता है।
सभापति ने वर्षा जल का संरक्षण किये जाने पर जोर देते हुए कहा कि पानी को किसी भी हालत में बर्बाद नहीं किया जाना चाहिये। उन्होंने सांसदों को जल संरक्षण को बढावा देने और इसके संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वेदों में जल के महत्व को बताया गया है। नदियों और तमाम जल स्त्राेतों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार जनसंख्या बढ़ रही है। दुनियां की जनसंख्या के 16 प्रतिशत लोग भारत में रहते हैं और और विश्व में जल की उपलब्धता का केवल चार प्रतिशत हिस्सा देश में है।
नायडू ने विश्व जल दिवस के अवसर पर सभी लोगों से जल संरक्षण का व्रत लेने की अपील करते हुए कहा कि जल का बार-बार और तर्कपूर्ण इस्तेमाल किया जाना चाहिए, जिससे भावी पीढ़ियों को इस महत्वपूर्ण संसाधन से वंचित ना होना पड़े। उन्होंने कहा कि लोग अपने जीवन में जल की अपरिहार्यता पर विचार करें और जीवन के लिए जरूरी इस सीमित प्राकृतिक संसाधन के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लें। भावी पीढ़ियों के लिए जल का संरक्षण करें, इसकी प्रत्येक बूंद बेशकीमती है।
