बरेली: 300 बेड अस्पताल में तैनात हुईं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों का इलाज अभी 300 बेड अस्पताल में किया जा रहा है। यहां पर आपात कालीन स्थिति के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डाक्टर तैनात की गई हैं। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. बागीश वैश्य ने बताया कि बीते दिनों एक …
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों का इलाज अभी 300 बेड अस्पताल में किया जा रहा है। यहां पर आपात कालीन स्थिति के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डाक्टर तैनात की गई हैं।
अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. बागीश वैश्य ने बताया कि बीते दिनों एक प्रसूता में संक्रमण की पुष्टि होने पर जिला महिला अस्पताल प्रशासन ने गर्भवती का प्रसव कराकर उसे कोविड अस्पताल में रेफर कर दिया। कोविड अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के न होने से प्रसूता को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसको लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की गई।
जिस पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शेरगढ़ में तैनात डा. स्वाति श्रीवास्तव व महिला जिला अस्पताल में तैनात डा. अर्चना कटियार की तैनाती यहां पर कर दी गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार डा. स्वाति श्रीवास्तव की ड्यूटी लगा दी है। डा. अर्चना को ऑन काल बुलाया जाएगा। बीते दिनों अस्पताल में आपातकालीन स्थिति को देखते हुए कोविड अस्पताल में लेबर रुम को भी बनाया गया था।
