बरेली: बाजार जा रहे हैं तो हो जाएं सावधान! कहीं सांड़ का ना बन जाएं शिकार, बुजुर्ग को सींगों में फंसाकर हवा में उछाला
अमृत विचार, बरेली। छुट्टा पशु देहात में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तो शहर में लोगों का राह चलना तक मुश्किल कर रहे हैं। जोगी नवादा में वनखंडी नाथ मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े सांड़ ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया। सांड़ ने बुजुर्ग को सींग में फंसाकर हवा में उछाला और …
अमृत विचार, बरेली। छुट्टा पशु देहात में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तो शहर में लोगों का राह चलना तक मुश्किल कर रहे हैं। जोगी नवादा में वनखंडी नाथ मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े सांड़ ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया। सांड़ ने बुजुर्ग को सींग में फंसाकर हवा में उछाला और फिर जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सांड़ के बुजुर्ग को हवा में उछालने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। बुजुर्ग पर हमले के बाद सांड़ ने पांच अन्य लोगों को भी चोट पहुंचाई। घटना से लोगों में गुस्सा है।
मंगलवार सुबह जोगी नवादा क्षेत्र के वनखंडी नाथ मंदिर के पास बाजार में एक सांड़ बेकाबू हो गया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर जा रहे बुजुर्ग पर सांड़ ने कैसे हमला किया और किस तरह बुजुर्ग को हवा में उछाला। जमीन पर गिरने के बाद बुजुर्ग घायल हो गए। बीच सड़क पर सांड़ के हमले का मंजर देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
सांड़ ने रास्ते से गुजर रहे पांच अन्य लोगों पर हमला कर दिया। उसके बाद आसपास के लोगों ने बुजुर्ग को किसी तरह से सांड़ से बचाकर सूचना पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को दी। बुजुर्गों को लोगों ने किसी तरह सांड़ से बचाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। इधर, सांड़ के पांच लोगों को घायल करने की सूचना मिलने पर नगर निगम की रेस्क्यू टीम कई घंटे के बाद मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर सांड़ को पकड़ा।
पहले भी सांड़ के हमले में घायल हो चुके राहगीर
आए दिन बाजार में सांड़ हमला कर लोगों को घायल कर रहा है। ऐसे सांड़ को पकड़ने के लिए लिए नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे पहले फरीदपुर में सांड़ ने बुजुर्ग किसान पर हमला बोलकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पिछले दिनों किला क्षेत्र में मकान के बाहर कार साफ कर रहे एक युवक पर सांड़ ने हमला कर दिया था जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
