मुरादाबाद: फर्जी मेडिकल बनवाकर रेल कर्मी को जेल भिजवाने वाला युवक गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। आपसी विवाद में खफा युवक ने फर्जी मेडिकल बनवाकर रेलकर्मी को जेल भिजवा दिया। रामपुर जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक से साठगांठ कर उसने फर्जी मेडिकल प्रमाणपत्र बनाकर कोर्ट में दाखिल कर दिया। उधर जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद रेलकर्मी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी, …
मुरादाबाद, अमृत विचार। आपसी विवाद में खफा युवक ने फर्जी मेडिकल बनवाकर रेलकर्मी को जेल भिजवा दिया। रामपुर जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक से साठगांठ कर उसने फर्जी मेडिकल प्रमाणपत्र बनाकर कोर्ट में दाखिल कर दिया। उधर जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद रेलकर्मी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी, जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सम्भल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव कैलमुंडी निवासी संजीव ने अपने साथियों के साथ मिलकर एसीजेएम पंचम की कोर्ट में वाद दायर किया था। उसमें उसने धनारी थाना क्षेत्र के ग्राम भागनगन निवासी रेल कर्मी रामबाबू यादव समेत अन्य पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें उसने रामपुर के संयुक्त चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक द्वारा बनाई गई मेडिकल रिपोर्ट लगाई थी। उसमें चोटों की पुष्टि हुई थी।
इसके आधार पर पुलिस ने रेलकर्मी रामबाबू यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर बाहर आने के बाद रामबाबू ने 20 नवंबर 2019 को सिविल लाइंस कोतवाली में संजीव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि जिस दिन की घटना बताई जा रही है, उस दिन वह ड्यूटी पर थे।
आपसी विवाद में बदला लेने के लिए किया फर्जीवाड़ा
इस मामले में काफी मशक्कत के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया। खुलासा करते हुए एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि संजीव की पत्नी की मौत हो गई थी, जिस पर रामबाबू यादव ने संजीव व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इस पर रामबाबू को सब सिखाने के लिए उसने पूरा नाटक किया। आरोपी का चालान कर दिया गया है, जबकि चिकित्सक व अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
