बरेली: 90 वर्षीय अमरनाथ देशभर में बांट रहे गांधी विचारधारा
अमृत विचार, बरेली। वर्षों पुरानी महात्मा गांधी की विचारधारा को एक बार फिर से लोगों के बीच लाने की कोशिश की जा रही है जिससे समाज में बदलाव आ सके। इसके लिए 90 वर्षीय अमरनाथ देश के कोने-कोने में जाकर गांधी की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि वह देश के …
अमृत विचार, बरेली। वर्षों पुरानी महात्मा गांधी की विचारधारा को एक बार फिर से लोगों के बीच लाने की कोशिश की जा रही है जिससे समाज में बदलाव आ सके। इसके लिए 90 वर्षीय अमरनाथ देश के कोने-कोने में जाकर गांधी की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि वह देश के अधिकांश हिस्सों में घूम चुके हैं। बुधवार को वह बरेली पहुंचे। यहां उन्होंने तीन जगहों पर कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। अमरनाथ सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
बुधवार को जीजीआईसी में एनएसएस के एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे अमरनाथ ने बताया कि वह 1954 से गांधी की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। बताया कि वह बीए की पढ़ाई कर रहे थे। गांधी की विचारधारा को अपनाने के लिए उन्होंने पढ़ाई को बीच में ही छोड़ दिया। इसके बाद वे 1960 में सर्व सेवा संघ से जुड़ गए और कुछ ही समय बाद उन्होंने उस संघ की कमान एक अध्यक्ष के रूप में संभाली।
उन्होंने बताया कि यह सेवा संघ गांधी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। अब पूरे देश में इसकी कई शाखाएं भी हैं। अमरनाथ बताते हैं कि पहले के दौर में जहां एक सुई के बराबर जमीन के लेन देन में लड़ाइयां, हत्या तक हो जाती थीं। उस वक्त गांधी विचारधारा के माध्यम से पूरे देश में 44 लाख एकड़ जमीन को एकत्र किया था। इसे लोगों ने खुद अपनी मर्जी से दान किया था।
कुछ अनदेखी और अनसुनी बताई कहानियां
जीजीआईसी के राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई द्वारा आयोजित एक दिवसीय नियमित शिविर में पहुंचे अमरनाथ ने बच्चों को गांधीजी के जीवन की कुछ अनकही और अनसुनी घटनाएं बताईं। सभी को गांधी जी की आत्मकथा से प्रेरित होने और सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलने की सलाह दी।
गांधी जी के जीवन पर आधारित पुस्तकें पढ़ने के लिए स्वयंसेवी छात्राओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अनु पराशरी, मंडलीय क्रीड़ा प्रभारी नईम अहमद, विकल्प संस्था से राज नारायण, स्वयं सेविकाओं में पूजा प्रिया, शिवानी गुप्ता, शिवांगी शर्मा, करिश्मा राठौर, अनामिका कश्यप, प्रिंसी, प्रिया पंत, सृष्टि आदि लोग मौजूद रहे।
