बरेली: दहन से पहले होलिका में खुराफाती लगा रहे आग, पुलिस परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। होलिका दहन से पहले खुराफाती होलिका में आग लगाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। दो दिन में जिले में तीन स्थानों पर ऐसा हुआ। इससे पुलिस टेंशन में है। बारादरी में शुक्रवार रात कांकरटोला चौकी के पास किसी खुराफाती ने होलिका में आग लगा दी। सुबह जब लोगों ने होलिका …

बरेली, अमृत विचार। होलिका दहन से पहले खुराफाती होलिका में आग लगाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। दो दिन में जिले में तीन स्थानों पर ऐसा हुआ। इससे पुलिस टेंशन में है। बारादरी में शुक्रवार रात कांकरटोला चौकी के पास किसी खुराफाती ने होलिका में आग लगा दी। सुबह जब लोगों ने होलिका जली देखी तो नाराजगी जाहिर की। शुक्रवार रात ही आईजी आवास से कुछ दूर पहले अक्षर विहार चौराहे पर खुराफाती ने होलिका में आग लगा दी थी। इससे पहले विशारतगंज में भी ऐसी ही खुराफात की गई।

बारादरी थाना क्षेत्र के लोधी टोला होली चौक पर प्रत्येक वर्ष होलिका रखी जाती है। इस बार भी होलिका रखी थी। शुक्रवार रात किसी ने चौराहे पर रखी होलिका में आग लगा दी। सुबह मोहल्ले वालों ने उठकर देखा तो होलिका में आग जल रही थी। आसपास के लोगों की सूचना पर डायल 112 और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।

होली में आग लगने की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। आसपास के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर एसपी सिटी रविंद्र कुमार, सीओ सिटी थर्ड श्वेता कुमारी, एसएचओ बारादरी शितांशु शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर मामले को शांत किया। मोहल्ले के लोगों ने खुराफात करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के हाथ भी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लगी है।

अक्षर विहार चौराहे पर भी होलिका में आग लगाने के मामले में एक शख्स सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सभी थाना प्रभारियों को होलिका की निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसी भी सूचना पर तुरंत पुलिस को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

रूट मार्च निकाला गया
होलिका दहन से पहले खुराफातियों को चेतावनी देने के लिए एसएसपी के निर्देश पर शहर के प्रमुख क्षेत्रों में शनिवार शाम को रूट मार्च भी निकाला। आरएएफ की मौजूदगी में थानों की पुलिस भी मौजूद रही। 160 रिक्रूट पुलिसकर्मियों को 4 थानों में लगाने के निर्देश दिए क्योंकि इन प्रमुख थानों में रामबरात भी निकलेगी। रामबरात में कम से कम लोगों के शामिल होने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार